WIPL Teams: महिला इंडियन प्रीमियर लीग (WIPL) टीम खरीदने के लिए 30 से अधिक कंपनियों ने इनविटेश टू टेंडर (ITT) का डॉक्यूमेंट लिया। इनमें से कुछ के पास स्पोर्ट्स लीग का कोई तजुर्बा नहीं है। चेन्नई की श्रीराम ग्रुप (Shriram Group), नीलगिरी ग्रुप (Nilgiri Group) और एडब्ल्यू कटकुरी ग्रुप (AW Katkuri Group) के अलावा एपीएल अपोलो ( APL Apollo) और स्नैक्स और मिठाई बनाने वाली हल्दीराम (Haldiram) जैसे कॉरपोरेट्स ने टीम खरीदने में रुचि दिखाई है।
क्रिकबज के रिपोर्ट के अनुसार यह जरूरी नहीं है कि इनविटेश टू टेंडर (ITT) खरीदने वाली कंपनियां टीम खरीदने के लिए बोली लगाएं, लेकिन इसे देखकर ऐसा लगा रहा है कि महिला इंडियन प्रीमियर लीग (WIPL) में कॉरपोरेट्स की रुचि है। बोली लगाने के लिए 1000 करोड़ रुपये की नेट वर्थ की शर्त के कारण बॉलीवुड सितारे (Bollywood Stars) दूर रहे हैं।
अडानी ग्रुप्स ने भी दिखाई रुचि
चेट्टीनाड सीमेंट और जेके सीमेंट जैसी कुछ सीमेंट कंपनियों ने भी महिला इंडियन प्रीमियर लीग (WIPL) में टीम खरीदने में रुचि दिखाई है। यदि वे टीम खरीदने में कामयाब होती हैं, तो वे इंडिया सीमेंट्स के बाद तीसरी सीमेंट कंपनी होंगी, जिनके पास क्रिकेट फ्रेंचाइजी होगी। इंडिया सीमेंट्स की मेंस आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम है। आईएलटी20 में शारजाह वारियर्स की ओनर कैपरी ग्लोबल और गल्फ जायंट्स की ओनर अडानी ग्रुप्स ने भी आईटीटी खरीदा है।
आईटीटी की बिक्री अगले 24 घंटों में बंद हो जाएगी
सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने आईटीटी लिया है और महिला इंडियन प्रीमियर लीग (WIPL) टीम को खरीदने की दौड़ में शामिल हैं। इसके लिए नीलामी 25 जनवरी को मुंबई में होगी। दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम के दो मालिक – GMR ग्रुप और JSW ग्रुप अलग-अलग बोली लगा सकते हैं। दोनों समूहों ने अलग-अलग आईटीटी लिया। इसके अलावा उन्होंने एक आईटीटी दिल्ली कैपिटल्स के तौर पर भी लिया है। आईटीटी की बिक्री अगले 24 घंटों में बंद हो जाएगी।