इस वक्त पूरी दुनिया में कोरोना वायरस की ही चर्चा है। इस महामारी के कारण दुनिया कई देशों में लॉकडाउन है, ताकि इस वायरस को फैलने से रोका जा सके। कोविड-19 के कारण खेल गतिविधियों पर भी विराम लग गया है। डब्ल्यूडब्ल्यूई का सबसे बड़ा टूर्नामेंट रेसलमेनिया 36 भी बिना दर्शकों के खेला जाएगा। इसके बावजूद 7 बड़े सुपरस्टार्स ने अंतिम मौके पर रेसलमेनिया 36 से नाम वापस ले लिया है।
यही नहीं, कोरोना के कारण मौजूदा डब्ल्यूडब्ल्यूई रॉ चैंपियन बेकी लिंच की शादी का प्लान भी प्रभावित हो गया है। बेकी लिंच और सैथ रोलिंस ने पिछले साल अपने रिलेशनशिप का खुलासा किया था। अब दोनों शादी की योजना बना रहे हैं, लेकिन कोरोना वायरस के कारण ऐसा कब इसकी तारीख का अभी उन्होंने खुलासा नहीं किया है।
आयरलैंड की पेशेवर रेसलर बेकी लिंच का असली नाम रेबेका क्विन (Rebecca Quin) है। WWE के रिंग में द मैन के नाम से मशहूर 33 साल की रेबेका ने 17 साल की उम्र में पेशेवर कुश्ती में कदम रखा था। सैथ रोलिंस का असली नाम कोल्बे लोपेज (Colby Lopez) है। उन्होंने पिछले साल रेसलमेनिया 35 में लेसनर को हराकर पहली बार यूनिवर्सिल चैंपियनशिप अपने नाम की थी।
लिंच ने हाल ही में स्पोर्टिंग न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि कोरोना वायरस के चलते उनका शादी का प्लान भी प्रभावित हो गया। रोलिंस और लिंच ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उन्होंने कोविड-19 महामारी को लेकर चिंता जताई। इसमें उन्होंने बताया कि क्वारेंटाइन के लिए कैसे उन्हें क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिल रहा है।
लिंच और रोलिंस ने वीडियो संदेश में कहा, ‘जाहिर है, कोई नहीं जानता कि यह सब कब चलने वाला है। हालांकि, हम डाउनटाइम (वह समय जब कुछ काम नहीं हो रहा हो) का लाभ उठा रहे हैं। हम अपने लिए डिनर तैयार कर रहे हैं। फिल्में देख रहे हैं और एक दूसरे को समय दे रहे हैं। वास्तव में हमें यह सब करने का समय नहीं मिलता था। जैसा कि आप जानते हैं कि हम अपनी नींद पूरी कर रहे हैं।’
रोलिंस ने कहा, ‘हम अपने जानवरों के साथ समय बिता रहे हैं। वह वक्त जिसमें अपना अधिकांश समय काम करने में लगाते थे, उसकी जगह हम क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। सौभाग्यवश वह (बेकी लिंच) उन मीन-मेख निकालने वालों में नहीं है, जिसे इंटरटेनमेंट के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत होती है। इसलिए मैं बहुत अच्छा हैं। मैं अच्छा रहूंगा।’
रेसलमेनिया 36 को पहले फ्लोरिडा स्थित टैम्पा के रेमंड जेम्स स्टेडियम में होनाा था, लेकिन बाद में इसे WWE परफॉर्मेंस सेंटर में कराने का फैसला किया गया है। कोरोना के कारण रेसलमेनिया 36 के आयोजन में भी कई मुश्किलें आईं हैं, लेकिन विंस मैकमैहन ने शो को रद्द करने की बजाय इसके कराने का तरीका निकाला। मैकमैहन 1982 में अपने पिता से कंपनी संभालने के बाद से WWE के कॉरपोरेट मामलों को देखते हैं।