भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को लीड्स के हेडिंग्ले में तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड को पहली पारी में 432 रन पर ऑलआउट कर दिया। इस तरह इंग्लैंड को 354 रन की बढ़त मिली। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने टीम इंडिया की दूसरी पारी की शुरुआत की। दोनों धीरे-धीरे स्कोर को आगे बढ़ा रहे थे। एक समय जब ऐसा लग रहा था कि दोनों लंच तक भारत का कोई विकेट नहीं गिरने देंगे, तभी केएल राहुल क्रेग ओवर्टन की गेंद पर दूसरी स्लिप पर जॉनी बेयरस्टो को कैच थमा बैठे।
बेयरस्टो ने जिस तरह गोता लगाते हुए राहुल का कैच पकड़ा, उसे देखकर भारतीय कमेंटेटर भी वाह-वाह कर उठे। जॉनी बेयरस्टो ने अपनी बाईं ओर डाइव लगाई और बायां हाथ कैच के लिए बढ़ा दिया। गेंद उनके हाथ में आई उन्होंने एक अविश्वसनीय कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। कहना गलत नहीं होगा कि बेयरस्टो यदि सेकंड के 10वें हिस्से के बराबर भी देर करते तो भारतीय सलामी बल्लेबाज को पवेलियन नहीं लौटना पड़ता।
इससे पहले लीड्स में सफेद गेंद वाले रोहित शर्मा की झलक भी देखने को मिली। रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के ओली रॉबिनसन की गेंद पर छक्का लगाया। रोहित ने यह शॉट रॉबिनसन की गेंद पर अपर कट करके लगाया। रोहित का यह शॉट स्लिप के ऊपर से उड़ता हुआ सीधा बाउंड्री के बाहर जाकर गिरा। शुक्रवार को भारत की ओर से लगा यह इकलौता छक्का भी रहा।
रोहित ने यह छक्का 16वें ओवर में लगाया। रॉबिनसन की यह गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ थी। गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर गिरी और रोहित ने अपर कट शॉट लगा दिया। खास यह है कि पहली पारी में वह कुछ ऐसा ही शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गए थे। रोहित के इस शॉट ने पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, संजय मांजरेकर और माइक एथर्टन को खासा प्रभावित किया। ये तीनों कॉमेंट्री बॉक्स में थे।
मांजरेकर ने कहा, ‘यह वही रोहित शर्मा है जिन्हें हम जानते हैं।’ गावस्कर ने कहा, ‘हां, वह सफेद गेंद वाले रोहित शर्मा हैं। उन्होंने क्या यह जानबूझकर किया? गेंद की उछाल के साथ वह भी उछले। यह एक सुरक्षित शॉट था।’ रोहित शर्मा दूसरी पारी में 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी 156 गेंद की पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया।