टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की रीढ़ माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन बड़ी पारी खेलने से चूक गए और 73 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। पुजारा बहुत ही अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए। उन्हें आउट होता देखा कमेंटेटर को भी दया आ गई। उनके मुंह से भी निकल गया कि पुजारा वास्तव में बहुत दुर्भाग्यशाली रहे।

पुजारा के अजीबोगरीब तरीके से आउट होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुजारा को डोमिनिक बेस ने अपना शिकार बनाया। पुजारा ने बेस की छोटी गेंद पर पुल शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद पूरी तरह से बल्ले पर आई नहीं और शॉर्ट लेग पर खड़े ओली पोप की पीठ से टकरा गई। हालांकि, दुर्भाग्य पुजारा के पीछे पड़ा था। यही वजह रही कि गेंद पोप की पीठ से टकराने के बाद उछली और शॉर्ट मिड-विकेट पर खड़े रोरी बर्न्स के पास पहुंच गई और अंग्रेज क्रिकेटर ने आसान कैच लपक लिया।

पुजारा के आउट होने पर कमेंटेटर ने कहा, ‘पुजारा वास्तव में बहुत दुर्भाग्यशाली रहे। इंग्लैंड की टीम सौभाग्यशाली रही, क्योंकि ओली पोप के गेंद न तो हेलमेट में लगी और न ही कंधे पर।’ इस तरह आउट होने पर चेतेश्वर पुजारा भी काफी निराश दिखे। उन्होंने पैड पर गुस्सा अपना उतारा। पवेलियन लौटते समय उन्होंने पैड पर बल्ले से प्रहार किया।

पुजारा ने अपनी 143 गेंदों की पारी के दौरान 11 चौके लगाए। उन्होंने आउट होने से पहले पांचवें विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 119 रन की साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 29वां अर्धशतक पूरा किया।

बता दें कि पहले टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड 578 रन पर ऑलआउट हुई। भारतीय टीम की शुरुआत खराब हुई। उसने रोहित शर्मा के रूप में 19 रन पर अपना पहला विकेट खो दिया। टीम का स्कोर जब 44 रन था, तब शुभमन गिल भी पवेलियन लौट गए। विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे भी कुछ खास नहीं कर पाए। 73 रन के स्कोर पर भारत के चार विकेट गिर गए थे।

इसके बाद पंत और पुजारा ने भारतीय पारी को संभाला। हालांकि, इन दोनों के पवेलियन लौटने के कारण फॉलोऑन का संकट अभी टला नहीं है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत का स्कोर 74 ओवर में 6 विकेट पर 257 रन था। उसे फॉलोऑन बचाने के लिए अब भी 122 रनों की जरूरत है। स्टम्पंस के समय वाशिंगटन सुंदर 33 और रविचंद्रन अश्विन 8 रन बनाकर नाबाद थे।