कोरोनावायरस के कारण दुनिया के बहुत से देश लॉकडाउन हैं। यही वजह है कि सभी प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं या तो रद्द कर दी गईं या फिर उन्हें टाल दिया गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) भी 15 अप्रैल तक टाल दी गई है। हालांकि, कुछ क्रिकेटर घर पर बैठकर ही फैंस को मनोरंजन करने का मसाला दे रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी इस काम में काफी आगे हैं। वे इन दिनों न सिर्फ अपने घर पर क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी धमाल मचा रहे हैं।

वे ट्विटर और फेसबुक के साथ-साथ TikTok पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने पिता के साथ एक फनी टिकटॉक वीडियो बनाया था। अब उन्होंने अपने वीडियो में मां को भी शामिल कर लिया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए ताजा वीडियो में वे अपनी मां और पिता दोनों के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘मां ने बचपन की शरारतों का बदला ले लिया।’ इसके बाद उन्होंने Zipper-Mouth Face वाली इमोजी पोस्ट की है। उन्होंने अपनी पोस्ट को #quarantine #familytime #stayathome पर टैग भी किया। अंत में उन्होंने नमस्कार वाली इमोजी पोस्ट की है।

कैप्शन में उन्होंने मां के बदला लेने वाली बात इसलिए लिखी क्योंकि इस वीडियो में कुछ ऐसा ही दर्शाया गया है। वीडियो में युजवेंद्र चहल और उनके पिता दोनों फोन पर बात कर रहे हैं। पीछे मां खड़ी हैं। चहल भी उनके बराबर में खड़े होकर बात कर रहे हैं। पिता आगे की ओर खड़े हैं। वे आगे की ओर टहलते हुए बात कर रहे हैं।

इस बीच, चहल की मां एक डंडा लेकर पिता की ओर बढ़ती हैं। ऐसा लगता है कि वे अपने पति को पीछे से डंडा मारने जा रही हैं। चहल यह देखते हैं तो उन्हें रोकते हैं और डंडा पकड़ते हैं। इस पर उनकी मां डंडे से पिता को मार देती हैं और अपना हाथ हटा लेती हैं। पिता जब पीछे घूमते हैं तो वे चहल के हाथ में डंडा देखते हैं। इस पर उन्हें लगता है कि चहल ने ही उन्हें डंडा मारा है। इसके बाद वे चहल की पिटाई शुरू कर देते हैं।


बता दें कि चहल ने टिकटॉक पर अब तक 35 वीडियो बनाए हैं। टिकटॉक पर उनके 3.27 मिलियन (37लाख) फॉलोवर हैं। उन्हें अब तक 26.8 मिलियन (2.68 करोड़) लाइक्स मिल चुके हैं। चहल खुद 73 लोगों को फॉलो करते हैं। उन्होंने पहला वीडियो अपने कुत्ते के साथ पिछले साल 12 दिसंबर को बनाया था। टीम इंडिया के साथियों के साथ उन्होंने 2 जनवरी को एक वीडियो शेयर किया था, जिसे 53.6 मिलियन (5.36 करोड़) बार देखा गया।