भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली आज दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज जाने जाते हैं। अपने खेल से उन्होंने अब तक कई कीर्तिमान बनाए हैं। अपनी आक्रामक कप्तानी के साथ साथ वे हंसी मजाक करते हुए भी दिखाई देते हैं। दिल्ली के रहने वाले कोहली ने भी और बच्चों की तरह बचपन में अपने दोस्तों के साथ खूब मौज मस्तियां की हैं। कोहली ने एक वीडियो चैट में बताया था कि एकबार बचपन में पतंग लूटने के चक्कर में उनकी जान संकट में फंस गई थी। वे छत से गिरने से बाल बाल बचे थे। उनके दोस्त ने उनकी जान बचाई थी।
एक इंस्टाग्राम चैट पर भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री से बातचीत करते हुए उन्होंने इसका खुलासा किया था। छेत्री ने विराट से सवाल किया, ‘‘ऐसा कोई दिन याद है, जहां आपको लगा हो, यार मैं क्या कर रहा था, मतलब इतनी बड़ी बेवकूफी कैसे कर रहा था, जैसे कुछ खतरनाक या मूर्खता वाला काम, और आप बच गए हों, अब लगता हो कि, यार मैं क्या कर रहा था?’’ इसपर कोहली ने कहा, ‘‘हां मुझे एक घटना याद है, जब में बेवकूफी कर रहा था। ये 15 अगस्त के समय की बात है। 13 अगस्त का दिन था। एक तो जब आप सोसाइटी में रहते हैं, तो त्योहार के समय की बात ही कुछ और होती है, क्योंकि दोस्त आएंगे ही, आप अकेले नहीं हो सकते। मैं 15 अगस्त के दिन सुबह 6 बजे से ही पतंग के कन्ने बांध कर और चरखड़ी मैं सद्दी के ऊपर मांजा लगा कर तैयार रहता था।’’
कोहली ने आगे कहा, ‘‘मैं अपने गेंदबाजी करने वाले दोस्तों के साथ पतंग उड़ाता था। मेरे वो दोस्त मुझे कहते थे, हम उड़ाएंगे तू लूट। मुझे लंबा सा डंडा पकड़ा कर पीछे से आने वाली पतंगों को लूटने के लिए लगा दिया जाता था। अब मैं एक पतंग लूटते लूटते उसके पीछे भाग रहा था। हमारी सोसाइटी में घरों की छतें जुड़ीं हुईं थीं। 2 छतों के बीच सीढ़ियां और फिर अगली छत थी। लास्ट में लेकिन कोई छत नहीं थी, खाली था। तो फिर जब मैं ऊपर देख कर भागा जा रहा था, मेरे दोस्त ने देख लिया की आगे छत नहीं है। मैं उसपर भी आगे टापने ही वाला था, इतने में उसने आकर पीछे से पकड़ लिया। आगे था नहीं कुछ, छत से फिर मैं सीधा नीचे ही जाता।’’
ये सुनते ही छेत्री कोहली से उनके उस दोस्त का नाम पूछते हैं। इसके बाद उसे धन्यवाद भी करते हैं। छेत्री कहते हैं, ‘‘पीयूष आपका शुक्रिया, आपने बहुत कुछ बचा लिया इस देश का, वरना गया था।’’ कोहली फिलहाल आईपीएल में हिस्सा लेने के लिए यूएई में है। उनकी कप्तानी में अब तक आरसीबी की टीम चैंपियन नहीं बनी है। कोहली ने कहा है कि इस बार की टीम उनकी बेस्ट और खिताब जीत सकती है।