कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर के खेल टूर्नामेंट रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को ब्रेक मिल गया है। वे वीडियो बनाकर, सोशल मीडिया पर फोटो डालकर और इंस्टग्राम पर लाइव होकर फैंस के साथ जुड़ रहे हैं। गुरुवार यानी 2 मार्च को इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इंस्टाग्राम पर विराट कोहली का इंटरव्यू लिया। इस दौरान कोहली ने खुलासा किया वे कब और क्यों वेजिटेरियन बने थे।
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान पीटरसन ने कोहली से वेजिटेरियन होने के बारे में पूछा। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘जब हम 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गए थे तब मेरे पीठ में समस्या थी। बहुत दर्द होता था। रात में सो नहीं पाता था। मेरी बॉडी एसिडिक थी। हड्डियां कमजोर हो गई थीं। उसके बाद मैंने इंग्लैंड दौरे के बीच में मीट खाना छोड़ दिया। शाकाहारी के रूप में पूरी तरह बदल गया। आप हल्का महसूस करते हैं, आपका शरीर बदलता है।’’
पीटरसन ने विराट से फिर पूछा कि आपका नाम चीकू कैसे पड़ा। यह सुनते ही वे हंसने लगे। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने इसे मशहूर किया है। आपको बता दें कि धोनी विकेट के पीछे से विराट को चीकू कहकर बुलाते थे। कोहली ने आगे बताया, ‘‘दिल्ली की टीम मुंबई में रणजी मैच खेल रही थी। उस समय उन्होंने कुल 10 प्रथम श्रेणी मैच भी नहीं खेले थे। वह उस टीम में थे जिसमें वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, रजत भाटिया और मिथुन मन्हास शामिल थे। उनके साथ ड्रेसिंग रूम में रहकर वह काफी खुश थे।’’
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, ‘‘एक शाम मैं पास के ही सैलून में बाल कटवाकर लौटा था। वह नया लुक था। मैंने सबसे पूछा कि यह कैसा लग रहा है तो सहायक कोच अजित चौधरी ने कहा कि तुम चीकू लग रहे हो। तभी से चीकू नाम पड़ गया और मुझे बुरा भी नहीं लगता।’’ कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान है। टीम अब तक एक बार भी चैंपियन नहीं बनी है।