विराट कोहली ने वर्ल्ड कप 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 नवंबर को वनडे क्रिकेट में 49वां शतक जड़ इतिहास रच दिया। उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। विराट की इस उपलब्धि से तेंदुलकर भी काफी खुश हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर विराट को बधाई दी। 50 साल के इस दिग्गज को अपना रिकॉर्ड टूटने का बेसब्री से इंतजार है।

विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 चौके की मदद से 121 गेंद पर 101 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर में 5 विकेट पर 326 रन बनाए। तेंदुलकर ने कोहली के 49वें शतक जड़ने पर कहा, ” वेल प्लेड विराट। मुझे इस साल 49 से 50 तक पहुंचने में 365 दिन लगे। मुझे उम्मीद है कि आप अगले कुछ दिनों में 49 से 50 पर पहुंचेंगे और मेरा रिकॉर्ड तोड़ेंगे। बधाई।”

तेंदुलकर ने 49वें शतक के लिए किया था साल भर इंतजार

बता दें कि 24 अप्रैल 2023 को सचिन तेंदुलकर 50 साल के हो गए। यही वजह है कि उन्होंने विराट को बधाई देते हुए 365 दिन वाली बात कही। वैसे तेंदुलकर को 49वां शतक जड़ने में काफी समय लगा था। उन्होंने 48वें से 49 वें शतक तक पहुंचने में 1 साल लिए थे। 48वां शतक उन्होंने 12 मार्च 2011 को जड़ा था। 49वां शतक 16 मार्च 2012 को जड़ा था।

कोहली ने किया सिर्फ 4 पारियों का इंतजार

हालांकि, विराट कोहली को इतना इंतजार नहीं करना पड़ा। उन्होंने 48वें से 49वें शतक तक पहुंचने में चार पारियां लगीं। वर्ल्ड कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में उन्होंने शतक जड़ा था। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडेन गार्डन में शतक जड़ा। वह बर्थडे पर वर्ल्ड कप में शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श और न्यूजीलैंड के रॉस टेलर ने ऐसा किया था।