पुडुचेरी के कप्तान और ऑलराउंडर अमन खान ने सोमवार (29 दिसंबर) को झारखंड के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मैच में अनचाहा रिकॉर्ड बनाया। अमन को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन (IPL 2026 Auction) में 40 लाख रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ा है। अमन ने 10 ओवरों में 123 रन देकर एक अनचाहा रिकॉर्ड बनाया। वह अब मेंस लिस्ट-ए मैच में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
कुमार कुशाग्र के शतक और अनुकूल रॉय के 98 रनों की बदौलत झारखंड ने अहमदाबाद में 7 विकेट पर 368 रन बनाए। पुडुचेरी के गेंदबाजों में अमन समेत तीन गेंदबाजों ने अपने दस ओवर का कोटा पूरा किया, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 12.3 रहा। जवाब में पुडुचेरी 41.4 ओवर में 235 रन पर ऑल आउट हो गई।
मिबोम मोसु के नाम था रिकॉर्ड
पुरुषों के लिस्ट ए मैच में सबसे ज्यादा रन देने का पिछला रिकॉर्ड अरुणाचल प्रदेश के तेज गेंदबाज मिबोम मोसु के नाम था। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में बिहार के खिलाफ 9 ओवर में 116 रन दिए थे। यह मैच भी विजय हजारे ट्रॉफी में हुआ था। उस मैच ने एक और वजह से भी काफी ध्यान खींचा था। बिहार के वैभव सूर्यवंशी पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 14 साल की उम्र में किया।
अमन ने 2022 में आईपीएल किया डेब्यू
अमन ने 2021 में सौराष्ट्र के लिए लिस्ट ए में डेब्यू किया। इसके बाद वह पुडुचेरी चले गए। हाल ही में, उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 40 लाख रुपये में खरीदा। इससे पहले उन्होंने 2023 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था और 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। अमन ने आईपीएल में 2 टीमों के लिए 12 मैच खेले हैं। उन्होंने 10 पारियों में 115 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। उन्होंने एक पारी में गेंदबाजी की है और 13 रन दिए हैं।
