ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे मैच में गुरुवार (23 अक्टूबर) को एडिलेड में भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली बगैर खाता खोले आउट हो गए। पर्थ में खेले गए पहले वनडे में भी विराट खाता नहीं खोल पाए थे। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कोहली अपने करियर में पहली बार लगातार दो मैचों में खाता नहीं खोल पाए।

जेवियर बार्टलेट ने कोहली का विकेट लिया। इसके बाद एडिलेड ओवल में सन्नाटा छा गया। उन्होंने रोहित शर्मा से बात की रिव्यू न लेने का फैसला किया। फिर पवेलियन लौटे हुए ग्लव्स उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया। इसके बाद से सवाल उठने लगा है कि क्या कोहली ने वनडे से संन्यास का मन बना लिया है?

माइंड गेम में फंसे कोहली

बार्टलेट ने 7वें ओवर की पहली गेंद पर भारत के नए कप्तान शुभमन गिल को पवेलियन भेजा। रोहित शर्मा को संघर्ष करते देख गिल ने दबाव हटाने की कोशिश में शॉट खेला, लेकिन मिडऑफ पर मिचेल मार्श ने कैच लपका। इसके बाद विराट कोहली बल्लेबाजी करने क्रीज पर आए। ऑफ स्टंप से बाहर की गेंदों पर आउट हो रहे कोहली के लिए ऑस्ट्रेलिया ने माइंड गेम खेला। यह कारगर भी साबित हुआ।

अंदर की गेंद के लिए कोहली नहीं थे तैयार

ऑस्ट्रेलिया ने विराट कोहली को ऑफ स्टंप से बाहर खिलाने का प्लान बनाया। मिचेल मार्श ने तीन स्लिप लगाए। कोहली भी ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर हो रही दिक्कत को ध्यान में रखते हुए लेग स्टंप का गार्ड लेकर खड़े हुए थे। फिर गेंद खेलने से पहले वह ऑफ स्टंप की ओर बढ़कर पूरा स्टंप कवर रहे थे। ऐसे में जेवियर बार्टलेट ने तीन गेंद ऑफ स्टंप से बाहर की। वह चौथी गेंद अंदर लेकर आए और विराट कोहली इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका पैर क्रीज में ही रह गया। उन्होंने फ्लिक करने का प्रयास किया, लेकिन एलबीडब्ल्यू हो गए। कोहली ने रोहित शर्मा से बातचीत की और रिव्यू नहीं लिया। वह पवेलियन लौट गए।

रोहित शर्मा-विराट कोहली की राह बहुत मुश्किल, ऐसे तो नहीं खेल पाएंगे 2027 वर्ल्ड कप

क्या कोहली ने दे दिए संन्यास के संकेत

एडिलेड में कोहली का बर्चस्व रहा है। ऐसे में दर्शकों ने मैदान से बाहर जाते समय उनके लिए ताल्लियां बजाईं। कोहली ने ग्लव्स उठाकर अभिवादन किया। इसके बाद से सवाल हो रहा है कि क्या कोहली ने वनडे को भी अलविदा कहने का मन बना लिया है? कोहली संन्यास ले या न लें, लेकिन एडिलेड में तो वह फिर नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में हो सकता है कि उन्होंने इसी वजह से दर्शकों का अभिवादन किया हो। हालांकि, लगातार दूसरी पारी में बगैर खाता खोले आउट होने के बाद कोहली पर काफी दबाव होगा।