Tribute to Shane Warne: ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न के असामयिक निधन पर खेल जगत के साथ-साथ राजनेता और फिल्म जगत भी गमगीन है। उन्हें ट्विटर पर दुनिया भर से मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों, राजनेताओं, फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर श्रृद्धांजलि दी है। सचिन तेंदुलकर ने लिखा कि तुम्हारी कमी खलेगी वॉर्नी। युजवेंद्र चहल भी शेन वॉर्न को श्रद्धांजलि देते हुए बहुत भावुक हो गए। उन्होंने लिखा कि उनके हाथ कांप रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बनाने वाले ब्रायन लारा ने लिखा कि उनका दिल टूट गया है।

सचिन तेंदुलकर: स्तब्ध। तुम्हारी कमी खलेगी वॉर्नी। मैदान से भीतर या बाहर तुम्हारे साथ कोई पल उबाऊ नहीं होता था। मैदान के भीतर हमारी प्रतिद्वंद्विता और बाहर हंसी मजाक को हमेशा याद करूंगा। भारत के लिए तुम्हारे मन में खास जगह थी और भारतीयों के मन में तुम्हारे लिए। बहुत जल्दी चले गए।

विराट कोहली: जीवन कितना अप्रत्याशित और अस्थिर है। एक ऐसे महान खिलाड़ी जिन्हें मैं मैदान से बाहर भी जानता था, उनके जाने पर विश्वास नहीं कर पा रहा हूं। क्रिकेट की गेंद को टर्न कराने वाले सबसे महान खिलाड़ी #जीओएटी (ग्रेटेस्ट आफ आल टाइम)

युजवेंद्र चहल: यह लिखते हुए मेरे हाथ कांप रहे हैं, मैं इस चीज को महसूस कर सकता हूं। मेरे लेग स्पिनर बनने की वजह। बचपन से ही मेरी प्रेरणा मेरे आदर्श। लीजेंड, रेस्ट इन पीस।

ब्रायन लारा: टूटे दिल वाली इमोजी और इस समय शब्दहीन। मैं सचमुच नहीं जानता कि इस स्थिति को कैसे बयां करूं। मेरा दोस्त चला गया!! हमने अब तक के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है!! मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। आरआईपी वार्नी!! आपको याद किया जाएगा।

युवराज सिंह: विश्व क्रिकेट के लिए दुखद दिन। पहले रॉडनी मार्श और अब शेन वॉर्न। दिल टूट गया है। वॉर्न के साथ खेलने की सुखद यादें हैं। वह स्पिन के जादूगर थे और क्रिकेट के लीजेंड। समय से पहले चले गए। उनकी कमी बहुत खलेगी। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।

वीवीएस लक्ष्मण: बिल्कुल अविश्वसनीय। मेरे पास शब्द नहीं है। लीजेंड और महानतम खिलाड़ियों में से एक। इतनी जल्दी चले गए। उनके परिवार और दोस्तों को संवेदना।

गौतम गंभीर (पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर): कुदरती प्रतिभा केसाथ उनके जैसे तेवर बिरलों में ही होते हैं। शेन वॉर्न ने गेंदबाजी को जादू जैसा बना दिया। आरआईपी।

हरभजन सिंह: विश्वास नहीं होता कि शेन वॉर्न नहीं रहे। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे मेरे हीरो। इस पर विश्वास करने का मन नहीं करता। पूरी तरह से टूट चुका हूं।

स्मृति ईरानी (केंद्रीय मंत्री): काश यह खबर सच नहीं हो। एक लीजेंड और महान क्रिकेटर। यादों के लिए, खेल के लिए धन्यवाद शेन वॉर्न। आरआईपी। मनीष सिसोदिया (दिल्ली के उप मुख्यमंत्री): ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न के असामयिक निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। उनके परिवार और दुनिया भर के प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

वीरेंद्र सहवाग: स्पिन को ‘कूल ’ बनाने वाले दुनिया के महानतम स्पिनरों में से एक शेन वॉर्न नहीं रहे। जीवन बहुत नाजुक है, लेकिन इस पर भरोसा करना मुश्किल है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।

इरफान पठान: शेन वॉर्न दर्शकों के पसंदीदा थे। स्पिन के जादूगर। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लीजेंड। आईपीएल जीतने वाले पहले कप्तान। उनकी कमी खलेगी। ब्रेंडन मैकुलम: नहीं नहीं। दिल टूट गया है। अभी से ‘द किंग’ की कमी खलने लगी। एडम गिलक्रिस्ट: (टूटे हुए दिल की इमोजी, कोई शब्द नहीं)।

पीआर श्रीजेश (भारतीय हॉकी खिलाड़ी): हमारे बचपन को खास बनाने वाला नहीं रहा। आरआईपी लीजेंड। सुनील छेत्री (भारतीय फुटबॉल कप्तान): शेन वॉर्न के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। उनके खेल को देखकर और प्रेरणा लेकर बड़े हुए। अपूरणीय क्षति।

शोएब अख्तर: इस कमी से उबरने में काफी समय लगेगा। महान शेन वॉर्न अब हमारे बीच नहीं रहे। बाबर आजम: इस पर विश्वास करना मुश्किल है। क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति। अपनी जादुई लेग स्पिन से उन्होंने पीढ़ियों को प्रेरित किया। आपकी कमी हमेशा खलेगी शेन वॉर्न। उनके परिवार,दोस्तों और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।

शिल्पा शेट्टी (अभिनेत्री और राजस्थान रॉयल्स की पूर्व सह मालिक): लीजेंड हमेशा जीवित रहते हैं। शाहिद अफरीदी: क्रिकेट ने लेग स्पिन गेंदबाजी की यूनिवर्सिटी को खो दिया। अपने करियर की शुरुआत से मैं उनकी गेंदबाजी का कायल था और उनके खिलाफ खेलना हमेशा खास रहा। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।

दिल्ली कैपिटल्स: बहुत जल्दी चले गए। महान स्पिनर और खेल के इतिहास में सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक ने आज अंतिम सांस ली। ऋषभ पंत: लीजेंड शेन वॉर्न के निधन की खबर सुन काफी हैरानी हुई। वह अब तक के सबसे महान स्पिन गेंदबाज थे।