कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में खेले गए तीन मैचों की टी20 सीरीज के अंतिम मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 73 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने 3-0 से सीरीज अपने नाम की और दूसरी बार न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ किया। वहीं रोहित शर्मा की ऑफिशियल टी20 कप्तान और राहुल द्रविड़ की बतौर हेड कोच ये पहली सीरीज थी।
इस सीरीज में भारत ने इतिहास रचते हुए पहली बार घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की लगातार ये 8वीं द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले भारत ने पिछले साल न्यूजीलैंड की सरजमीं पर भी 5-0 से टी20 सीरीज जीतकर कीवी टीम का सूपड़ा साफ किया था।
अगर 3 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने की बात करें तो भारत ने छठी बार ये कर दिखाया है। इस मामले में भारत ने पाकिस्तान की बराबरी कर ली है। वहीं अफगानिस्तान (5), इंग्लैंड (4) और दक्षिण अफ्रीका (3) भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
कब-कब भारत ने टी20 सीरीज में किया क्लीन स्वीप?
- 3-0 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2016 (विदेश)
- 3-0 बनाम श्रीलंका 2017 (घर में)
- 3-0 बनाम वेस्टइंडीज 2018 (घर में)
- 3-0 बनाम वेस्टइंडीज 2019 (विदेश)
- 5-0 बनाम न्यूजीलैंड 2020 (विदेश)
- 3-0 बनाम न्यूजीलैंड 2021 (घर में)
रोहित-राहुल के नेतृत्व में पहली बार खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही है। रोहित की कप्तानी की बात करें तो भारत ने अब तक 22 टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 18 बार टीम को जीत मिली है। वहीं हिटमैन की कप्तानी में भारत को ये 7वीं टी20 सीरीज में जीत मिली है। एक बार भारत रोहित की कप्तानी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 से सीरीज हारा भी है।
कीवी टीम भारत के इस दौरे पर टी20 सीरीज हारने के बाद अब दो टेस्ट मैचों में अपनी फॉर्म वापस पाना चाहेगी। वहीं टीम इंडिया टेस्ट सीरीज में भी क्लीन स्वीप करने पर नजर बनाए होगी। पहला टेस्ट 25 से 29 नवंबर तक कानपुर में खेला जाएगा। उसके बाद दूसरा टेस्ट 3 दिसंबर से मुंबई में खेला जाएगा।