T20 World Cup, Warm Up Match, India vs Australia: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में अपने पहले वार्म अप मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 187 रन का लक्ष्य दिया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 186 रन बनाए। उसको इस स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव की आतिशी पारियों की अहम भूमिका रही।
केएल राहुल ने 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 33 गेंद में 57 रन बनाए। उन्होंने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। सूर्यकुमार 6 चौके और एक छक्के की मदद से 33 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। ब्रिस्बेन के गाबा में दोनों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
इस मैच में रोहित शर्मा ने दिनेश कार्तिक को प्रमोट किया। उन्होंने कार्तिक को अक्षर पटेल के ऊपर छठे नंबर पर भेजा। कार्तिक कप्तान के भरोसे पर पूरी तरह से खरे उतरे। उन्होंने 14 गेंद में 20 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया।
केएल राहुल के अर्धशतक के समय रोहित के खाते में थे सिर्फ एक रन
भारत के लिए चिंता की बात रोहित शर्मा की बल्लेबाजी रही। वह 14 गेंद में 15 रन ही बना पाए। उन्होंने राहुल के मुकाबले कितनी धीमी बल्लेबाजी की इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस समय केएल ने अपना अर्धशतक पूरा किया था, तब तक कप्तान के खाते में सिर्फ एक रन जुड़ा था। रोहित ने स्वीप करने के चक्कर में एश्टन एगर की गेंद पर डीप मिड-विकेट पर ग्लेन मैक्सवेल को आसान सा कैच थमा दिया।
विराट कोहली 13 गेंद में 19 रन बनाकर आउट किया। उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने मिशेल मार्श के हाथों फाइन लेग पर लपकवाया। वह विकेट से काफी बाहर जाती गेंद को मारने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली को पाकिस्तान या उसके बाद के मुकाबलों के दौरान इन बातों को याद रखना होगा।
रविचंद्रन अश्विन ने आते ही जड़ा छक्का
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हार्दिक पंड्या रंग में नहीं दिखे। वह 5 गेंद में 2 रन ही बना पाए। रविचंद्रन अश्विन तब बल्लेबाजी के लिए जब सिर्फ गेंद बची थीं। उन्होंने आते ही पहली गेंद पर छक्का लगाया। हालांकि, दूसरी गेंद पर फिर वैसा ही शॉट खेलने के चक्कर में केन रिचर्डसन की गेंद पर मैक्सवेल को कैच थमा बैठे। अक्षर पटेल 6 गेंद में 6 रन बनाकर नाबाद रहे।