Records To Be Broken At The T20 World Cup 2022: अगर रिकॉर्ड वास्तव में टूटने के लिए बने हैं, तो टी 20 विश्व कप 2022 में भी टूट सकते हैं। श्रीलंका और नामीबिया के मुकाबले के साथ ही टी20 विश्व कप 2022 का आगाज हो गया। टी20 विश्व कप के इस संस्करण में सबसे अधिक रन, विकेट और कैच के रिकॉर्ड टूट सकते हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस संस्करण में इतिहास रच सकते हैं।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का भी एक रिकॉर्ड खतरे में है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगी।
रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए 170 रनों की जरूरत है। वहीं, विराट कोहली को यह मुकाम हासिल करने के लिए 172 रन की जरुरत है। इस मामले में अभी श्रीलंका के महेला जयवर्धने हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप में 31 मैच में 1016 रन बनाए थे। रोहित अब तक 33 मैच में 847 और विराट 21 मैच में 845 रन बना चुके हैं।
टी20 विश्व कप 2022 में अब तक 9 शतक लग चुके हैं। इसमें से क्रिस गेल इकलौते हैं, जो दो बार यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। भारत की ओर से सुरेश रैना ही एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप में 3 अंकों का आंकड़ा छुआ है। जोस बटलर टी20 विश्व कप 2021 के एकमात्र शतकवीर थे। इस बार बटलर यदि शतक लगाते हैं तो वह गेल की बराबरी कर लेंगे।
विराट कोहली टी20 विश्व कप में 10 बार 50 या उससे अधिक का स्कोर कर चुके हैं। वह 21 मैच में सिर्फ 11 बार आउट हुए हैं। रोहित शर्मा ने 8 बार 50 या उससे अधिक का स्कोर किया है। इस बार उनके पास कोहली की बराबरी करने का मौका है।
टी20 विश्व कप में विकेट के पीछे शिकार करने की बात करें तो एमएस धोनी (Mahendra Singh Dhoni) शीर्ष पर हैं। उन्होंने 33 मैच में कुल 32 शिकार किए हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के कामरान अकमल (30 शिकार) हैं। इसके बाद वेस्टइंडीज के दिनेश रामदीन (27), श्रीलंका के कुमार संगकारा (26), बांग्लादेश के मुश्फिकुर रहमान (24), साउथ अफ्रीका के मार्क बाउचर (16), क्विंटन डीकॉक (15), ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू वेड (14), अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद (13) और न्यूजीलैंड के ल्यूक रोंची (12) हैं।
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक यदि टी20 विश्व कप 2022 में विकेट के पीछे 18 शिकार (कैच और स्टंप) कर लेते हैं तो एमएस धोनी का रिकॉर्ड टूट जाएगा। क्विंटन डीकॉक ने 2014 के संस्करण में 5 मैच में विकेट के पीछे 8 शिकार किए थे।