T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक पांड्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाए, लेकिन पांड्या की पारी की वजह से टीम इंडिया लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच पाई। उन्होंने 190 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वह पारी की आखिरी गेंद पर हिट विकेट आउट हुए। इस गेंद पर भी उन्होंने चौका जड़ दिया था, लेकिन उनका पैर विकेट पर जा लगा।
हार्दिक पांड्या जब क्रीज पर आए तब टीम इंडिया ने 11.2 ओवर में 3 विकेट पर 75 रन बनाए थे। तब कोहली 25 गेंद पर 28 रन बनाकर क्रीज पर थे। 17वें ओवर तक पांड्या ने 21 गेंद में 24 बनाए थे। इसके बाद उन्होंने गियर बदला। अगली 12 गेंदों पर 39 रन बनाए। पांड्या ने अपनी पारी के दौरान 33 गेंद में 63 रन बनाए। इस दौरान 5 छक्के और 4 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 190.91 का रहा।
पांड्या के अलावा विराट कोहली ने 40 गेंद पर 50 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी 4 चौके और 1 छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 125 का रहा। दोनों के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई। कोहली का एडिलेड के ग्राउंड पर काफी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। वह पहली बार इस मैदान पर आउट हुए। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने नाबाद 64 रन बनाए थे। वही साल 2016 में उन्होंने नाबाद 90 रन जड़े थे। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज हैं।
पांड्या और कोहली के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। केएल राहुल ने 5 गेंद पर 5 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 28 गेंद पर 27 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 10 गेंद पर 14 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 6 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए आदिल रशिद और लियाम लिविंग्स्टोन ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने 7 ओवर में 41 रन दिए। रशिद को सूर्यकुमार का अहम विकेट मिला।