भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मौजूदा कप्तान विराट कोहली आधुनिक विश्व क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम हैं। उनकी उपलब्धियां और रन उनकी महानता को बयां करती है। दोनों खिलाड़ियों ने टीम इंडिया को खेल के शिखर पर ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। यह कुछ ऐसा है जिसे मुंबई इंडियंस और भारत के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव जानते हैं। जिन्होंने एक-एक शब्द में ही दो दिग्गजों के बारे में बड़ी बात कह दी।

दाएं हाथ के सूर्यकुमार ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्रश्नोत्तर का आयोजन किया। एक प्रशंसक ने उनसे धोनी और कोहली का एक शब्द में वर्णन करने के लिए कहा। अपने जवाब में सूर्यकुमार ने धोनी के लिए ‘लीजेंड’ और भारतीय कप्तान कोहली के लिए ‘प्रेरणा’ शब्द का इस्तेमाल किया। 30 साल के इस बल्लेबाज ने रोहित शर्मा को ‘हिटमैन’ बताया। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 डेब्यू को उन्होंने अपनी फेवरेट पारी बताया। सूर्यकुमार ने पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर को छक्का मारा था।

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में अपनी निरंतरता का फायदा तब उठाया जब उन्होंने भारतीय जर्सी पहनी थी। आईपीएल 2020 में उन्होंने 16 मैचों में 420 रन बनाए। आईपीएल 2021 के दौरान उन्होंने 7 मैचों में 173 रन बनाए। भारत में कोविड -19 संकट के कारण सीजन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई सितंबर-अक्टूबर में बचे हुए मैचों की मेजबानी यूएई में करेगा।

भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी। वहां उसे 18 से 22 जून तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है। इसके बाद मेजबान टीम के खिलाफ अगस्त-सितंबर में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। सूर्यकुमार को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। टीम इंडिया जुलाई में श्रीलंका दौरे पर जाएगी। इसमें इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले खिलाड़ी नहीं खेलेंगे। ऐसे में सूर्यकुमार को श्रीलंका दौरे के लिए चुना जा सकता है।