भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री बहुत ही अच्छे दोस्त हैं। अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी झलक देखने को मिलती है। छेत्री ने हाल ही में एक वीडियो किया, जिसमें उन्होंने युवा फुटबॉलर को ब्लीप टेस्ट में हराने की जानकारी देते हुए लोगों को हिदायत दी कि अगली बार बूढ़ा कहने से पहले सोच लेना। इस पर विराट ने मजेदार कमेंट किया, जबकि छेत्री ने बताया कि कैसे वह 37 साल की उम्र में खुद को फिट रखते हैं। स्टार फुटबॉलर ने इसका जवाब भी दिया।

वीडियो में छेत्री कह रहे हैं, ”पिछले एक महीने से मैं यूरोप में छुट्टियां मना रहा था, सबकुछ खा रहा था। करीब 5 दिनों में यहां ट्रेनिंग में हमारा ब्लीप टेस्ट होता है। क्या उम्र है (आप लोग कितने साल के हैं)?’ 22, 21, 20’। वे सभी मुझे हरा नहीं सके। मैं आपको स्कोर नहीं बताऊंगा क्योंकि यह शर्मनाक है। लेकिन वे सभी 40 वर्ष की आयु के एक बूढ़े व्यक्ति से हार गए। वे मुझे हरा नहीं सके। तो अगली आप मुझे बूढ़ा कहने से पहले सोच लेना।”

कोहली ने फोटो पर कमेंट करते हुए कहा, “हाहा लीजेंड”। सुनील ने कोहली की कमेंट का जवाब देते हुए कहा: “सब ब्रोकोली और पालक का खेल है। वो बहुत का स्वद के बारे में क्या कहते हैं? चीयर्स, चैंप।” भारत के पूर्व फुटबॉल कप्तान रेंडी सिंह ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और लिखा, “सुनील, जब आप छोटे थे तो आप इन लड़कों से भी खराब थे। यह मत भूलिएगा। लेकिन देखिए आप कहां पहुंच गए हैं और मुझे यकीन है कि वे आपसे सीख रहे हैं।”

37 वर्षीय छेत्री 50 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर हैं और उन्होंने 129 मैचों में कुल 84 गोल किए हैं। वह लियोनल मेसी से सिर्फ दो गोल पीछे हैं, जिन्होंने 162 मैचों में 86 गोल किए हैं और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 189 मैचों में 117 गोल किए हैं। 2023 के अंत या 2024 की शुरुआत में एशिया कप होना है। छेत्री इस दौरान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 17 साल पूरे करेंगे। यह उनके शानदार करियर का आखिरी मैच हो सकता है।

वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली को वेस्टइंडीज दौरे पर आराम दिया गया है। टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। अब पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जानी है। विराट लंबे समय से फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। इसके चलते उनकी काफी आलोचना हो रही है। उन्होंने नवंबर 2019 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है।