रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के कप्तान विराट कोहली का खराब फॉर्म इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जारी है। वे इस टूर्नामेंट में लगातार छठे मुकाबले में अर्धशतक लगाने में कामयाब नहीं हो सके। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार (14 अप्रैल) को टूर्नामेंट के छठे मैच में वे 33 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरी ओर, उनके साथी ग्लेन मैक्सवेल ने अर्धशतक का सूखा खत्म किया। उन्होंने 5 साल बाद अर्धशतक लगाया है।
हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में कोहली अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में कामयाब नहीं हो सके। उन्हें जेसन होल्डर ने विजय शंकर के हाथों कैच करा दिया। कोहली ने 29 गेंद पर 33 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके निकले। विराट ने अपना पिछला अर्धशतक चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 25 अक्टूबर 2020 को दुबई में लगाया। तब उन्होंने 43 गेंद पर 50 रन बनाए थे। उसके बाद कोहली ने मुंबई के खिलाफ 9, हैदराबाद के खिलाफ 7, दिल्ली के खिलाफ 29, हैदराबाद के खिलाफ 6 और इस साल मुंबई के खिलाफ 33 रन बनाए।
दूसरी ओर, मैक्सवेल की बात करें तो उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 41 गेंद पर 59 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 143.90 रहा। जेसन होल्डर की गेंद पर साहा ने उनका कैच लिया। मैक्सवेल ने अपना पिछला अर्धशतक किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 4 मई 2016 को लगाया था। तब उन्होंने 42 गेंद पर 68 रन बनाए थे।
मैक्सवेल को आरसीबी ने इस सीजन से पहले नीलामी में 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। उन्होंने शुरुआती दो मैच में अपनी उपयोगिता साबित की है। मुंबई के खिलाफ उद्घाटन मैच में मैक्सवेल ने 28 गेंद पर 39 रन बनाए थे। उस पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए थे। आरसीबी टीम मैनेजमेंट मैक्सवेल के इस प्रदर्शन से खुश होगा और वह आगे के मैचों में उनसे ऐसा ही प्रदर्शन चाहेगा।