इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में खराब फॉर्म से गुजर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए गुरुवार (25 अप्रैल) का सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच खास होगा। आरसीबी का यह आईपीएल में 250वां मैच होगा। उससे पहले यह उपलब्धि केवल मुंबई इंडियंस (MI) हासिल कर पाई है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) इस मामले में तीसरे नंबर पर है।

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अबतक 255 मैच खेले हैं। बेंगलुरु ने 249 मैच खेले हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने 247 मैच खेले हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 244, पंजाब किंग्स ने 240, चेन्नई सुपर किंग्स ने 233, राजस्थान रॉयल्स ने 214 और सनराइजर्स हैदराबाद ने 173 मैच खेले हैं। बेंगलुरु ने 249 में से 115 में जीत हासिल की है। 127 में हार का सामना करना पड़ा है।

आरसीबी तीन बार फाइनल में पहुंची

आरसीबी तीन बार 2009, 2011 और 2016 में आईपीएल फाइनल में पहुंची है। हालांकि, अभी तक ट्रॉफी नहीं उठा पाई है। 2009 में डेक्कन चार्जर्स से छह रन से हार गई थी। 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स से 58 रन से हार गई। 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठ रन से हार का सामना करना पड़ा था। इन फाइनल के अलावा, आरसीबी 2010, 2015, 2020, 2021 और 2022 में पांच बार टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंची है।

विराट कोहली सबसे ज्याद रन बनाने वाले बल्लेबाज

विराट कोहली 38.01 की औसत और 130 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 7,642 रन के साथ फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है। इसमें आठ शतक और 52 अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 113 है। विराट 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही इस फ्रेंचाइजी के साथ हैं। उन्होंने 245 मैच खेले हैं।

युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

स्पिनर युजवेंद्र चहल 2014-21 तक फ्रेंचाइजी के लिए खेले। उन्होंने 113 मैचों में 139 विकेट लिए। वह आरसीबी के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में, मोहम्मद सिराज 80 मैचों में 73 विकेट के साथ फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। आईपीएल 2024 में 41वें मैच की बात करें तो आरसीबी को जीत की सख्त जरूरत है। उसे अब तक लगातार छह हार का सामना करना पड़ा है। वे फिलहाल एक जीत और सात हार के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे हैं। उनके कुल दो अंक हैं। दूसरी ओर सनराइजर्स पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक अर्जित करके तीसरे स्थान पर हैं।