न्यूजीलैंड की कप्तान और दिग्गज महिला बल्लेबाज सोफी डिवाइन ने महिला टी20 क्रिकेट का सबसे तेज शतक जड़ दिया। डिफाइन ने डोमेस्टिक सुपर स्मैश कंपटीशन में यह रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 36 गेंदों पर ही शतक ठोक दिया। 31 साल की डिवाइन ने गुरुवार (14 जनवरी) को वेलिंग्टन ब्लेज की ओर से खेलते हुए ओटेगो स्पार्क्स के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया। उनकी पारी की बदौलत वेलिंग्टन ने ओटेगो स्पार्क्स को 10 विकेट से रौंद दिया।

डिवाइन ने अपनी पारी में 9 चौके और 9 छक्के लगाए। उन्होंने इस तेज शतक के वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। डॉटिन ने 2010 में 38 गेंद पर ही शतक लगा दिया था। डिवाइन की पारी की बदौलत वेलिंग्टन की टीम ने 128 रन के लक्ष्य को 9 ओवर में ही हासिल कर लिया। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो यह न्यूजीलैंड में सबसे तेज शतक भी है। डिवाइन ने न्यूजीलैंड के मेन्स प्लेयर टिम साइफर्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

टिम साइफर्ट ने 2017 में नॉर्दर्न ड्रिस्ट्रिक्ट की ओर से खेलते हुए 40 गेंद पर ही शतक लगाया था। डिवाइन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से लौटी थीं। उन्हें न्यूजीलैंड में 14 दिन तक क्वारंटीन रहना पड़ा था। उनके लिए यह मैच काफी मुश्किल था। वो शुरू में नर्वस थीं। तीन-चार गेंद खेल लेने के बाद वो फॉर्म में लौटीं और विस्फोटक पारी खेली। डिवाइन ने कहा, ‘‘जब आप कुछ दिन तक खेल से दूर रहते हैं तो दवाब आता ही है। शुरू में आराम से खेलने के बाद सब ठीक हो गया।’’

डिवाइन सुपर स्मैश टूर्नामेंट के इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रही थीं। डिवाइन ने ऑस्ट्रेलिया में महिला बिग बैश में भी भाग लिया था। बिग बैश में भी उन्होंने कई बेहतरीन पारियां खेली थीं। डिवाइन ने उसी फॉर्म को यहां भी जारी रखा। ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक की बात करें, तो यह रिकॉर्ड कैरेबियाई धुरंधर क्रिस गेल के नाम है। 2013 के आईपीएल में उन्होंने 30 गेंदों पर शतक जड़ दिया था।