युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए साल 2023 बेहतरीन साबित हो रहा है। आईपीएल 2023 के क्वालिफायर 2 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर ने शानदार शतक जड़ा। यह उनका इस सीजन में तीसरा शतक था। टेस्ट, वनडे, टी20 हो या आईपीएल वह शतक पर शतक ठोक रहे हैं। आईपीएल से पहले उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कोहराम मचा रखा था। उन्होंने सिर्फ 5 महीने में 8 शतक जड़ दिए। वह दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।

शुभमन गिल को अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम काफी रास आता है। उन्होंने 8 में से 4 शतक इसी मैदान पर लगाए हैं। टी20 और टेस्ट दोनों में इन्होंने यहीं शतक जड़ा। वहीं आईपीएल में 3 में से दो शतक इसी मैदान पर लगाए हैं। एक शतक उन्होंने बेंलगुरु में लगाया था। आईपीएल 2023 में शुभमन गिल शानदार फॉर्म के साथ आए थे। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 मैच की 18 पारियों में 61.25 के औसत और 106.40 के स्ट्राइक रेट से 980 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा। 208 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा।

टीम इंडिया के लिए अच्छे संकेत

आईपीएल के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड के लंदन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) खेलना है। शुभमन गिल का फॉर्म रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के लिए अच्छी खबर है। साल 2023 में शुभमन गिल के टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 2 मैचों की 3 पारियों में 51.33 के औसत से 154 रन बनाए हैं।

शुभमन गिल का साल 2023 में इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज का आखिरी दो टेस्ट खेले थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक जड़ा था। उन्होंने 128 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा 9 वनडे मैच की 9 पारियों में 78 के औसत और 117.51 के स्ट्राइक रेट से 624 रन बनाए हैं। 208 उनका सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा है। 6 टी20 मैचों में उन्होंने 40.40 के औसत और 165.57 स्ट्राइक रेट से 202 रन बनाए हैं। नाबाद 126 उनका सर्वोच्च स्कोर है।