इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ तीन टी20 मैच की सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुनी गईं श्रेयंका पाटिल और साइका इशाक का इंटरनेशनल डेब्यू हो गया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले टी20 के लिए श्रेयंका पाटिल और साइका इशाक को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया।

श्रेयंका RCB से और साइका खेलती हैं मुंबई इंडियंस से

महिला प्रीमियर लीग में आरसीबी के लिए खेलने वालीं श्रेयंका पाटिल को वाइस कैप्टन स्मृति मंधाना ने डेब्यू कैप दी तो वहीं कर्नाटक की ऑलराउंडर साइका को कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप दी। साइका महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के लिए खेलती हैं। डब्ल्यूपीएल में इन दोनों प्लेयर्स ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें टीम इंडिया में चुना गया और जल्द ही डेब्यू का मौका भी मिल गया।

सीपीएल में श्रेयंका ने मचाया था धमाल

श्रेयंका पाटिल डब्ल्यूपीएल के अलावा महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग में भी खेली हैं। डब्ल्यू सीपीएल (WCPL) में भी श्रेयंका ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। श्रेयंका पाटिल Women’s CPL में खेलने वालीं पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी थीं। उन्हें गुयाना एमेजॉन वारियर्स ने अपनी टीम से खिलाया था। CPL में उन्होंने 4 विकेट हॉल भी लिया था और वह ऐसा करने वालीं पहली गेंदबाज बनी थीं। इससे पहले श्रेयंका ने इमर्जिंग एशिया कप में खेले 7 मैचों में 32 की औसत और 9.84 की इकॉनमी से 6 विकेट चटकाए थे। इसके साथ ही 151 की स्ट्राइक रेट से 62 रन भी बनाए थे।

साइका ने भी अपने प्रदर्शन से किया प्रभावित

WPL के पहले संस्करण में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने वालीं बाएं हाथ की स्पिनर साइका ने भी अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था। उन्होंने टूर्नामेंट के 10 मैचों में 16.26 की औसत और 7.00 की इकॉनमी रेट से कुल 15 विकेट लिए थे। साइका टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली दूसरी गेंदबाज थी।