अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 से ज्यादा विकेट लेने वाले शोएब अख्तर अपनी तेज रफ्तार गेंदों के अलावा विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। पाकिस्तान का यह पूर्व तेज गेंदबाज एक बार बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान पर धोखाधड़ी का भी आरोप लगा चुका है। यही नहीं, उन्होंने निरमा गर्ल के नाम से मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे का अपहरण करने की भी सोची थी।
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर के नाम विश्व क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का भी रिकॉर्ड (161.3 किमी/घंटा) भी दर्ज है। उन्होंने यह कारनामा 2003 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। अख्तर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत में शाहरुख खान की टीम का हिस्सा थे।
शोएब ने आत्मकथा ‘कंट्रोवेर्सियाली योर्स’ में शाहरुख पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि वह आईपीएल में कम राशि मिलने के कारण खुश नहीं थे। इसके लिए उन्होंने शाहरुख खान से बात भी की थी। हालांकि, बाद में तत्कालीन आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी और शाहरुख खान के मनाने पर वह खेलने के लिए तैयार हो गए थे। उनका कहना है कि उन्हें इन दोनों पर भरोसा नहीं करना चाहिए था।
सोनाली बेंद्रे पर थे फिदा : अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा देने वाले अख्तर सोनाली बेंद्रे के प्यार में खुद क्लीन बॉल्ड हो गए थे। यह बात उन्होंने एक टॉक शो के दौरान बताई थी। उनका कहना था कि वह सोनाली को बेहद पसंद करते थे। सोनाली उनकी क्रश थीं। उन्होंने शो में यह भी कहा था कि अगर वह मेरे प्यार के प्रस्ताव को ठुकराती हैं, तो में उनका अपहरण कर लूंगा। शोएब को सोनाली इतनी पसंद थी कि वह उनकी तस्वीर अपने पर्स में रखा करते थे। टीम के साथी खिलाड़ी भी इस बात को लेकर उनसे मजाक किया करते थे।
सचिन-द्रविड़ पर भी दिया था विवादित बयान: अख्तर ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ उनकी गेंदों से डरते थे। इन दोनों खिलाड़ियों में मैच फिनिश करने की कला नहीं थी। उन्होंने विवियन रिचर्ड्स, रिकी पोंटिंग और ब्रायन लारा को सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ से बढ़िया खिलाड़ी बताया था। इस बात को लेकर उनकी खूब आलोचना भी हुई थी। शोएब अख्तर ने अपने करियर के दौरान 46 टेस्ट, 163 वनडे और 15 टी20 इंटरनेशनल खेले। इसमें उन्होंने क्रमशः 178, 247 और 19 विकेट लिए थे। वह टेस्ट मैच में 12 बार 5 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके थे। वहीं, वनडे में उन्होंने यह कारनामा 4 बार किया था।