कोविड19 महामारी ने दुनिया भर में तबाही मचा रखी है। लोगों को जनजीवन अस्त-व्यस्त है। 200 से ज्यादा देशों में लॉकडाउन है। जरूरी चीजों को छोड़कर हर प्रकार की गतिविधियों पर विराम लगा हुआ है। खेल की सभी प्रतियोगिताएं या तो रद्द कर दी गई हैं या फिर टाल दी गईं हैं। इसी कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 भी शुरू नहीं हो पाई है। इसे 29 मार्च से शुरू होना था, लेकिन इसे 15 अप्रैल तक टाल दिया गया है। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए इसके रद्द होने की ही आशंका लग रही है।
लॉकडाउन के कारण खिलाड़ी भी अपने-अपने घरों पर रहने को मजबूर हैं। संकट की इस घड़ी में वे देशवासियों से भी घरों में रहने की अपील कर रहे हैं। साथ ही उन्हें एंटरटेनमेंट करने के नए-नए तरीके भी खोज रहे हैं। सोशल मीडिया इसमें उनकी बहुत मदद कर रहा है। कुछ भारतीय क्रिकेटर इस मामले में ज्यादा एक्टिव हैं। इसमें युजवेद्र चहल और शिखर धवन भी शामिल हैं। दोनों ही अक्सर सोशल मीडिया पर वीडियो या फोटो पोस्ट करते रहते हैं। वे इस दौरान फैंस से भी सवाल-जवाब के द्वारा जुड़ चुके हैं।
इस दौरान टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ने यह खुलासा किया कि गब्बर नाम उन्हें किसने दिया। साथ ही बताया कि वे सिर पर बाल क्यों नहीं रखते हैं। शिखर ने इंस्टाग्राम पर शेयर स्टोरी में कुछ रोचक सवाल-जवाब डाले हैं। धवन से एक फैन ने पूछा था कि आप इतनी अच्छी बल्लेबाजी कैसे कर लेते हैं। इस पर धवन ने जवाब दिया, ‘बैट से।’ एक ने उनसे उनकी फेवरिट मूवी पूछी। धवन ने कहा, ‘बहुत सारी हैं। यह स्क्रीन छोटी पड़ जाएगी।’ सिर पर बाल नहीं रखने के सवाल पर उन्होंने बताया, ‘क्योंकि मैं बिना बाल के अच्छा दिखता हूं और शैम्पू भी कम लगता है।’
धवन ने कुछ दिन पहले बेटे जोरावर के साथ घर के अंदर ही रेस लगाने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था। फेवरिट बल्लेबाजी पार्टनर के सवाल पर धवन ने रोहित शर्मा का नाम लिया। फेवरिट एक्टर के नाम पर धवन ने बताया, ‘अक्षय कुमार, आमिर खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन जी और भी बहुत सारे हैं…’ फेवरिट शॉट के बारे में धवन ने लिखा, ‘कट, कवर ड्राइव और पुल।’ आपको गब्बर क्यों कहते हैं के सवाल पर धवन ने उत्तर दिया, ‘क्योंकि मैं शोले के डॉयलॉग बोलता था सिली पॉइंट पर बैठकर।’ धवन ने यह भी बताया कि युजवेंद्र चहल उनके बेस्ट एंटरटेनिंग फ्रेंड हैं। एक फैन ने पूछा ‘आपको गब्बर नाम किसने दिया?’ इस पर धवन ने बताया, ‘मेरे रणजी कोच विजय दहिया।’ फेवरिट डिश पर धवन ने बताया, ‘मम्मी के हाथों के आलू के पराठे।’