कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक और दिग्गज एक्टर शाहरुख खान 58 साल के हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें आज भी बॉलीवुड का बादशाह कहा जाता है। शाहरुख खान ने बताया कि उनके रिटायरमेंट का प्लान एमएस धोनी से ताल्लुक रखता है।
शाहरुख खान ने IIFA अवॉर्ड फंक्शन में कही बड़ी बात
शाहरुख खान बॉलीवुड के IIFA अवॉर्ड फंक्शन में प्रोड्यूसर करण जौहर के साथ एंकरिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाहरुख खान ने कहा कि महान वह लोग हैं जो जानते हैं कि उन्हें कब रुकना है। जैसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, फुटबॉलर सुनील छेत्री और टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर। करण जौहर ने इसके बाद पलट कर सवाल किया अगर ऐसा तो वह (शाहरुख) क्यों संन्यास नहीं लेते।
शाहरुख ने धोनी से की अपनी तुलना
शाहरुख खान ने हाजिरजवाबी का उदाहरण दिखाया। उन्होंने कहा, ‘मैं दूसरे किस्म का महान शख्स हूं। मैं और धोनी एक किस्म के महान लोग हैं, हम न न करके भी 10 आईपीएल खेल जाते हैं।’इसके बाद विक्की कौशल ने ऑडियंस बीच से कहा, ‘महान लोग रिटायर होते हैं लेकिन किंग्स हमेशा रहते हैं।’ करण जौहर ने सवाल किया कि यह बात किसने बोली। शाहरुख खान ने कहा, ‘जिसने भी कहा सही कहा।’
आईफा अवॉर्ड्स में शाहरुख खान को फिल्म ‘जवान’ के लिए बेस्ट एक्टर अवॉर्ड दिया गया। उनके अलावा रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चैटगर्जी वर्सेज नॉर्वे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। एनिमल फिल्म को साल की बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला।
एमएस धोनी के रिटायरमेंट पर सस्पेंस
बीते दो-तीन साल से हर बार ऐसा माहौल बनता दिखता है कि धोनी का यह सीजन आखिरी आईपीएल सीजन होगा। हालांकि हर बार धोनी वापसी करके खुद को हैरान कर देते हैं। बीते साल भी जब उनसे रिटायरमेंट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया। बीसीसीआई ने अब 6 रिटेन खिलाड़ियों का नया नियम ला कर सीएसके के लिए राह जरूर आसान कर दी है। टीम के धोनी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिलाने का भी विकल्प होगा, इससे धोनी को पूरा मैच नहीं खेलना पड़ेगा और फैंस को उन्हें मैदान पर देखने का भी मौका मिलेगा।