पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2020 के प्लेऑफ के दौरान चर्चा में रहे। मुल्तान सुल्तान की ओर से खेलते हुए उन्होंने कराची किंग्स के खिलाफ अजीबोगरीब हेलमेट का इस्तेमाल किया। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए हेलमेट में कई तरह के सुधार किए गए। पहले की तुलना में ज्यादा मजबूत बनाया गया, लेकिन अफरीदी का हेलमेट सुरक्षा के मापदंड खड़ा नहीं उतरता है। अगर गेंद सामने से आए तो उनके चेहरे पर लग सकता है।

अफरीदी के हेलमेट में चेहरे की सुरक्षा के लिए आमतौर पर लगाया जाने वाला ग्रिल नहीं था। चेहरा लगभग खुला हुआ था और तेज रफ्तार से आने वाली गेंद के सीधा चेहरे पर लगने की पूरी संभावना था। अफरीदी के हेलमेट को देखकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बाजिद खान ने कमेंट्री के दौरान कहा कि ऐसा हेलमेट पहले कभी नहीं देखा। वहीं, जोंटी रोड्स ने कहा कि उन्होंने भी पहले ऐसा हेलमेट पहना था। इससे गेंद देखना आसान होता है। इस खतरनाक हेलमेट के साथ अफरीदी ने 12 गेंद पर 12 रन बनाए। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल कर दिया।

मैच में कराची ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुल्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 141 रन बनाए। उसके लिए रवि बोपारा ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। सोहैल तनवीर ने 25 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कराची की टीम भी 20 ओवर में 8 विकेट 141 रन ही बना सकी। बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। 53 गेंद की पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। आखिरी ओवर में जीत के लिए कराची को 7 रन बनाने थे, लेकिन टीम मोहम्मद इलियास की गेंद पर 6 रन ही बना सकी। अंतिम गेंद पर कप्तान इमाद वसीम ने चौका लगाकर मैच को टाई कराया और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।


सुपर ओवर में कराची ने 1 विकेट पर 13 रन बनाए। सोहैल तनवीर की गेंद पर शर्जील खान एक रन बनाकर आउट हुए। शेरफेन रदरफोर्ड ने 11 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। तनवीर ने एक गेंद वाइड किया था। मुल्तान की टीम को फाइनल में जाने के लिए 14 रन बनाने थे। गेंद पाकिस्तान के बेस्ट गेंदबाज मोहम्मद आमिर के हाथों में थी। उन्होंने सिर्फ 8 रन ही दिए और कराची की टीम पहली बार फाइनल में पहुंच गई। दक्षिण अफ्रीका के रिलो रोसो और रवि बोपारा उनका सामना नहीं कर सके।