सानिया मिर्जा को देखकर उनके पति शोएब मलिक को खीझ आती है। हालांकि, भारतीय टेनिस स्टार पति की इस हरकत से जरा भी परेशान नहीं होती हैं। सानिया ने इंस्टाग्राम पर अपनी लेटेस्ट रील में यह बात शेयर की है। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया में वायरल है।

बहुत से लोगों ने कमेंट्स किए हैं। कमेंट्स करने वालों भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और स्टार टेनिस खिलाड़ी डेनिएला हंटुचोवा (Daniela Hantuchova) भी शामिल हैं। सानिया ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें वह बता रही हैं कि उनके पति ने उन्हें आज प्रिटी (सुंदर/आकर्षक) कहा।

सानिया ने आगे कहा, ‘हालांकि, मेरे पति ने मुझे Pretty Annoying (बहुत कष्टप्रद या जिसे देखकर खीझ आती हो, गुस्सा आता हो) कहा था।’ इसके बाद सानिया ने कहा, ‘लेकिन जैसा कि आप देख रहे हैं कि मेरा फोकस सिर्फ पॉजिटिविटी (सकारात्मक बातों) पर है, इसलिए मैंने Annoying सुना ही नहीं।’

सानिया की पोस्ट पर युवराज सिंह ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘वह (शोएब मलिक) सही कह रहा है।’ इसके बाद सानिया ने भी उन्हें जवाब दिया। सानिया ने युवराज के कमेंट पर लिखा, ‘बस चुप रहो।’ सानिया मिर्जा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह इंस्टाग्राम पर अक्सर रील्स शेयर करती रहती हैं।

कुछ रील्स में उनके पति और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक भी साथ में दिखाई देते हैं। हालांकि, वह अक्सर शांत ही दिखते हैं। इस संबंध में सानिया ने एक पाकिस्तानी शो में कहा था कि शोएब मलिक के कारण उनके फ्रेंड्स उन्हें चिढ़ाते हैं। वे कहते हैं कि तुम्हारी इंस्टाग्राम रील में ये जो आदमी दिखता है वह हमेशा बैठा ही रहता है। कुछ कहता नहीं है।

बता दें कि अपने-अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के कारण सानिया और शोएब अक्सर साथ नहीं रह पाते हैं। हालांकि, इन दिनों सानिया मिर्जा पति शोएब मलिक के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रही हैं। कुछ दिन पहले भी सानिया ने शोएब के साथ वाला एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। उस वीडियो में दोनों के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली थी।

सानिया ने 12 अप्रैल 2010 को शोएब से शादी की थी। तब दोनों की शादी को लेकर काफी विरोध भी किया था। सोशल मीडिया पर भी ट्रोल किया गया था। दोनों की शादी को 11 साल से ज्यादा हो गए हैं। उनका एक बेटा इजहान मलिक मिर्जा है।