भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा 15 नवंबर को 34 साल की हो गईं। सानिया अपने करियर में छह ग्रैंड स्लैम टाइटल जीत चुकी हैं। वे डबल्स में ऑस्ट्रेलिया ओपन (2016), विम्बलडन (2015) और यूएस ओपन (2015) का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन (2009), फ्रेंच ओपन (2012) और यूएस ओपन (2014) जीत चुकी हैं। सानिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में सानिया और कपिल मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इसे सेट इंडिया ने अपने यूट्यूबर चैनल पर कुछ महीने पहले अपलोड किया था। अब तक इस वीडियो को 17 लाख बार देखा जा चुका है। शो में सानिया के एंट्री पर कपिल ने दनादन सवाल दागे। टेनिस स्टार ने भी बखूबी से उसका जवाब दिया। कपिल ने कार्यक्रम के शुरू में कहा,‘‘वक्त-वक्त की बात है। पहले सानिया आती थीं। हम आज भी उनका इंतजार करते हैं। अब वक्त बदल गया है कोई मम्मी बन गई और कोई पती बन गया। सानिया भारत का गौरव हैं। नन्हें मेहमान के आने पर बधाई।’’

इस पर सानिया ने जवाब देते हुए कहा, ‘‘आपको भी कपिल बहुत मुबारक। आपके यहां भी नया मेहमान आया है। मैं आपके बच्चे नहीं बल्कि आपकी पत्नी की बात कर रही हूं। मैंने कपिल से बैकस्टेज कहा है कि अब तो शादी हो गई, कैसे शो करोगे? पति बन गए हो तो कैसे फ्लर्ट करोगो?’’ इसी बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि ये फ्लर्ट करना कभी नहीं छोड़ेगा। सानिया ने भी इसमें अपनी सहमति जताई। कपिल ने दोनों को जवाब देते हुए कहा, ‘‘पहले भी सानिया आती थी तो बोलने नहीं देती थी अब तो और इनके पास हथियार आ गए हैं। माफ कर दो। अब क्या ही बोलें।’’

कपिल ने शो के दौरान अपनी मम्मी से सानिया की बात कराई। दरअसल, कपिल की मम्मी शो में लेट से आई थीं। कपिल ने कहा, ‘‘मम्मी आप लेट आई है।’’ इस पर सानिया ने मजे लेते हुए कहा, ‘मम्मी आपकी हैं न, इसलिए लेट से आई हैं।’’ कपिल ने फिर शर्माते हुए बात को टाल दिया। दरअसल, कपिल अपने सेट पर लेट से पहुंचने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कथित तौर पर अजय देवगन सहित कई अभिनेताओं को इंतजार करवाया है।