बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले टोक्यो ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को सचिन तेंदुलकर और खेलमंत्री अनुराग ठाकुर से लेकर समूचे खेल जगत, राजनेताओं और नामचीन हस्तियों ने बधाई दी। मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चोपड़ा ने बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप में 27 अगस्त 2023 की देर रात पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वह ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में एक समय पर स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने।

नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण के अलावा 2018 एशियाई खेल और 2018 राष्ट्रमंडल खेल में भी सोने के तमगे जीते थे। उन्होंने 2022 में डायमंड लीग चैंपियन की ट्रॉफी के अलावा चार व्यक्तिगत डायमंड लीग मीट खिताब (2022 और 2023 में दो-दो) भी जीते। वह 2016 में जूनियर विश्व चैंपियन भी बने थे और 2017 में एशियाई चैंपियनशिप का खिताब जीता था।

एथलेटिक्स की दुनिया में तिरंगा शान से लहरा रहा है: नीता अंबानी

सचिन तेंदुलकर ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण पदक। यह भारतीय खेलों के लिए एतिहासिक उपलब्धि है। आप जिस भी टूर्नामेंट में खेलें उसमें आपकी कड़ी मेहनत चमकती रहे।’ रिलायंस फाउंडेशन की प्रमुख नीता अंबानी ने कहा, ‘विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए अब तक का पहला स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को हार्दिक बधाई। भारत के लिए ऐतिहासिक दिन। एथलेटिक्स की दुनिया में तिरंगा शान से लहरा रहा है।’

नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखाया: अनुराग ठाकुर

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने लिखा, ‘नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखाया। भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन ब्वॉय ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही वह विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है। यह पल भारतीय खेलों के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।’

अभिनव बिंद्रा ने लिखा, ‘बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को जीत दर्ज करने देखकर अपार गर्व का अनुभव हुआ। तुम्हारी प्रतिबद्धता और परिश्रम सभी के लिए मिसाल है। बधाई हो विश्व चैंपियन। आपके जैसे सितारों के रहते भारत और चमक रहा है।’

महान एथलीट और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने लिखा, ‘विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। आप इस गोल्डन टच के साथ देश के लिये आगे भी उपलब्धियां हासिल करते रहें। हमेशा आशीष।’

विश्व एथलेटिक्स ने लिखा, ‘ओलंपिक चैंपियन भालाफेंक में विश्व चैंपियन बना। नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ पिछले साल के रजत को बुडापेस्ट में चमचमाते स्वर्ण में बदला। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, ‘फेंको तो ऐसे फेंको कि चार लोग बोले क्या फेंका है यार। 88.17 मीटर दूर भाला फेंका और हमारे चैंपियन नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीता। जीत का सिलसिला जारी है।’

नीरज चोपड़ा को खेलमंत्री अनुराग ठाकुर, दिग्गज क्रिकेटर्स, एथलीट्स और ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय अभिनव बिंद्रा समेत बहुत से लोगों ने बधाई दी है। (सोर्स- ट्विटर/@Media_SAI)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया के हेड कोच रहे रवि शास्त्री ने लिखा, ‘एक अद्भुत खिलाड़ी। एक सच्चा चैंपियन जो समय-समय पर सबसे बड़े अवसरों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाकर रखता है। आपको सलाम। नीरज चोपड़ा।’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, ‘एक और स्वर्ण। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में 88.17 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीतने के लिए नीरज चोपड़ा को ढेरों बधाई।’

बधाई हो, आप पर बेहद गर्व है: मीराबाई चानू

टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने लिखा, ‘बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को जीत की ओर बढ़ते देख बेहद गर्व महसूस हुआ। आपका समर्पण और कड़ी मेहनत सभी के लिए प्रेरणा है। बधाई हो, विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा। आप जैसे सितारों के साथ भारत अधिक चमकता है।’ उन्होंने लिखा, ‘बधाई हो नीरज चोपड़ा। क्या उल्लेखनीय उपलब्धि है, आप पर बेहद गर्व है।’

भारतीय सेना ने लिखा, ‘भारतीय सेना सूबेदार नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देती है।’ ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लिखा, ‘भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने की बधाई। आप अपने खेल करियर में ऐसी ही बुलंदियों को छूकर देश को गौरवान्वित करते रहें। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने लिखा, ‘विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने ऊंचे मानक कायम किए। उन्होंने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ इतिहास का रुख बदलते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही वह विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। एक समय पर विश्व चैंपियनशिप, डायमंड लीग और ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले खिलाड़ी। सलाम नीरज चोपड़ा।’