लॉकडाउन के कारण हर आम और खास को ऐसे काम भी करने पड़ रहे हैं, जो उन्होंने जीवन में कभी नहीं किये थे। बाल काटना भी इनमें से एक काम है। फिर चाहे वह सचिन तेंदुलकर हों, विराट कोहली हों या फिर चेतेश्वर पुजारा। सचिन तेंदुलकर ने कुछ दिन पहले अपने बाल खुद काटे थे। इस बार वह बेटे अर्जुन तेंदुलकर के लिए बार्बर (नाई) बने। उन्होंने अर्जुन के बाल काटने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

सचिन तेंदुलकर ने अर्जुन के बाल काटने में बेटी सारा की भी मदद ली। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दो घंटे में ही इसे करीब 14 लाख लोग देख चुके हैं, वहीं ढाई हजार से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके हैं। सचिन तेंदुलकर ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘आपको एक पिता के तौर पर अपने बच्चों के लिए कई सारी चीजें करनी होती हैं। चाहे वह बच्चों के साथ खेलना हो, जिम करना हो या फिर उनके बाल काटने हों। हेयरकट कैसा भी हुआ हो अर्जुन, तुम हमेशा हैंडसम लगते हो। इसके लिए मेरी सैलून असिस्टेंट सारा तेंदुलकर का खास शुक्रिया।’

तेंदुलकर ने अपने बाल काटने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था। तब उन्होंने वीडियो पर कैप्शन लिखा था, ‘स्क्वायर कट से हेयर कट।’ उनके उस वीडियो पर इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डेनियल व्याट (Danielle Wyatt) ने भी कमेंट किया था। उन्होंने अर्जुन से पूछा था कि तुमने अपने पापा के बाल क्यों नहीं काटे? इस बार तेंदुलकर ने अर्जुन के बाल काटे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि व्याट का अब क्या रिएक्शन देती हैं। अर्जुन ने कुछ समय पहले व्याट को अपनी पसंदीदा महिला क्रिकेटर बताया था।