पाकिस्तान के पूर्व खतरनाक तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने सचिन तेंदुलकर की तारीफ की है और कहा है कि वे क्रिकेट पर राज करने के हकदार थे। जावेद ने कहा कि सचिन अपने युग के सबसे प्रभावशाली क्रिकेटर थे। आकिब को भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए जाना जाता था। उन्होंने 1988 से 1998 तक टीम इंडिया के खिलाफ कई बार यादगार गेंदबाजी की। एक बार तो हैट्रिक भी लिया।

गौरतलब है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सफर शुरू करते हुए 31 साल हो गए हैं। वे 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ पहला मैच खेले थे। आकिब जावेद ने कहा, ‘‘तेंदुलकर अपने पास मौजूद प्रतिभा के दम पर खेल पर प्रभाव छोड़ने में काफी सफल रहे हैं। सचिन ने खेल में गुणवत्ता या प्रतिभा के साथ 100 प्रतिशत प्रभाव पैदा किया। उन्होंने कई वर्षों तक खेल में शानदार प्रदर्शन किया।’’

आकिब जावेद दाएं हाथ के मीडियम पेस बॉलर थे। उन्होंने 1991 में शारजाह में खेले गए भारत के खिलाफ वनडे मुकाबले में सबसे खतरनाक गेंदबाजी थी। उस मुकाबले में आकिब ने 37 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान आकिब ने हैट्रिक भी लिया था। उन्होंने रवि शास्त्री, मोहम्मद अजहरुद्दीन और सचिन तेंदुलकर को लगातार तीन गेंदों पर पवेलियन का रास्ता दिखाया था। तीनों को उन्होंने एलबीडब्ल्यू ही किया था।

आकिब के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने त्रिकोणीय विल्स ट्रॉफी के फाइनल में भारत को 72 रन से हरा दिया था। आकिब ने कहा कि हमारे समय में टेक्नोलॉजी की कमी के कारण गेंदबाजों को खूब फायदा हुआ। जो भी अंपायर कहते थे वह आखिरी निर्णय होता था। आकिब अपने करियर में छह बार मैन ऑफ द मैच बने। संयोग कि बात है कि इनमें से चार बार भारत के खिलाफ ही चुने गए थे। उन्होंने भारत के खिलाफ 39 वनडे में 54 विकेट लिए थे। ओवरऑल देखें तो 163 वनडे में 182 विकेट झटके थे।