रूस में एक फुटबॉल मुकाबले के दौरान अजीबोगरीब घटना देखने को मिली। मैदान पर लाइव मैच में बिजली गिर गई। जिसे कैमरे में कैद कर लिया गया बिजली सीधे एक फुटबॉलर के ऊपर गिरी, जिससे वह मैदान पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। 16 साल के इस फुटबॉलर का नाम इवान जोबोरोवोस्की बताया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जब गोलकीपर इवान के ऊपर बिजली गिरी तो वहां मौजूद कुछ ही लोगों को विश्वास था कि वह जिंदा रह पाएगा। बाद में अस्पताल में उसे भर्ती करवाया गया और वह अब ठीक है। कहा जा रहा है कि इवान ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी। इससे उसकी जान बच गई। वायरल हो रहा वीडियो मॉस्को का है। एफसी जनाम्या तरुडा की टीम खेल रही थी। तभी आसमान से गोलपोस्ट के नजदीक खड़े इवान के ऊपर बिजली गिर गई।

बिजली गिरने के बाद टीम के कोच एंटन बसोव गोलकीपर के पास दौड़कर गए। इवान पेट के बल लेटे हुए थे। कोच ने उन्हें पलटकर देखा तो सामने से उनकी जर्सी जली हुई थी। इवान के गले में लटके चेन को कुछ नहीं हुआ था। कोच ने इसके बाद प्राथमिक उपचार करवाया। फिर इवान को अस्पताल भेज दिया गया। इलाज के बाद इवान मैदान पर वापस लौट आए हैं। उन्होंने इस घटना के बारे में कहा कि उन्हें सिर्फ इतना याद है कि अचानक उनके सीने के उस हिस्से पर बिजली गिरी है जहां उनका चेन था।

इवान ने कहा, ‘‘मुझे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। मैं अब पहले से ज्यादा बेहतर हूं। सभी चीजें धीरे-धीरे नॉर्मल हो रही हैं।’’ इस घटना के बाद इवान ने क्लब की सीनियर टीम के साथ करार किया है। उन्होंने इसके बारे हादसे से पहले ही प्लान बनाया था। कोच बसोव ने कहा, ‘‘इवान एक बेहतरीन गोलकीपर है। फिलहाल वह रिजनल टीम है। उसका भविष्य बेहतर दिख रहा है।’’