इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के 36वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) को अविश्वसनीय हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान को 3 ओवर में 25 रन चाहिए थे। उसके हाथ में 8 विकेट थे। इसके बाद भी वह 2 रन से मैच हार गई। लगातार चौथी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स का मनोबल टूट गया है। वह खुद को प्लेऑफ की रेस से बाहर मान चुकी है। एक्स पर उसके पोस्ट से तो यही संकेत मिलते हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स से हार के बाद राजस्थान रॉयल्स ने एक्स पर लिखा, “Logout।” राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा है। वह लगातार दूसरा करीबी मैच हारी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में वह आखिरी ओवर में 9 रन नहीं बना पाई थी। वह मैच सुपर ओवर में गया था। दिल्ली ने जीत दर्ज की थी। लखनऊ के खिलाफ भी आखिरी ओवर में 9 रन नहीं बन पाया।

राजस्थान का प्लेऑफ में पहुंच पाना मुश्किल

राजस्थान की टीम 8 में 2 मैच जीतकर अंक तालिका में 8वें नंबर पर है। उसका प्लेऑफ में पहुंच पाना मुश्किल ही लग रहा है। लखनऊ के खिलाफ मैच में चोट के कारण कप्तान संजू सैमसन नहीं खेले। उनकी जगह 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू किया। वैभव ने डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 गेंद पर 34 रन बनाए।

लखनऊ सुपर जायंट्स चौथे नंबर पर

ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 मैच में 5 जीत दर्ज की है। वह चौथे नंबर पर है। 4 टीमों के 10-10 अंक हो गए हैं। गुजरात टाइटंस शीर्ष पर है। दिल्ली कैपिटल्स दूसरे और पंजाब किंग्स तीसरे नंबर पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 8 अंक हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के 6-6 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के 4-4 अंक हैं।