इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान संजू सैमसन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज का यह कप्तान के तौर पर 50वां मैच था। उन्होंने 38 गेंद पर नाबाद 68 रन की पारी खेलकर रोहित शर्मा समेत 3 आईपीएल चैपियन कप्तानों का रिकॉर्ड तोड़ा।
आईपीएल में कप्तान के तौर पर 50वें मैच में संजू सैमसन के नाम सर्वाधिक स्कोर हो गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। उन्होंने मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2016 में 48 गेंद पर 65 रन बनाए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान के तौर पर गौतम गंभीर ने 2013 में 46 गेंद पर 59 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान के तौर पर डेविड वॉर्नर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2021 में 33 गेंद पर 45 रन बनाए थे।
जोस बटलर से आगे निकले संजू सैमसन
संजू सैमसन इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा का स्कोर करने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 131 पारी में 25 बार ऐसा किया है। जोस बटलर ने 76 पारी में 24 बार ऐसा किया है। अजिंक्य रहाणे ने 99 पारी में 23 बार ऐसा किया। शेन वॉटसन ने 81 पारी में 16 बार ऐसा किया। यशस्वी जायसवाल ने 42 पारी में 9 बार ऐसा किया है।
रियान पराग के साथ 130 रन की साझेदारी
संजू सैमसन वे गुजरात टाइटंस के खिलाफ रियान पराग के साथ 130 रन की साझेदारी की। यह राजस्थान रॉयल्स के लिए तीन या इससे नीचे के विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। संजू सैमसन और बेन स्टोक्स की जोड़ी के नाम सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों के बीच 2020 में अबूधाबी में नाबाद 152 रन की साझेदारी हुई थी। रियान पराग का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने 48 गेंद पर 76 रन बनाए।