इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन भारतीय ओपनर और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा से खासे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने रोहित की कप्तानी की जमकर तारीफ की है और कहा है कि यह सही समय है कि विराट कोहली टी20 की कमान रोहित शर्मा को सौंप दें। रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई को रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल का चैंपियन बनाया है। उसके बाद से कई पूर्व खिलाड़ी और क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें सीमित ओवरों में टीम इंडिया का कप्तान बनाने की वकालत कर रहे हैं।

गौतम गंभीर ने रोहित को कप्तान बनाने के लिए कहा तो आकाश चोपड़ा ने इससे सहमत नहीं हुए। अब नासिर हुसैन से रोहित शर्मा को समर्थन मिला है। हुसैन ने कहा, ‘‘उनकी (रोहित शर्मा) कप्तानी शानदार है। वह शांत, कूल हैं और सही समय पर सही निर्णय लेते हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ इतना अच्छा समय बिताया है कि अब भारत सहित दुनिया भर में कई क्रिकेटर कह रहे हैं कि शायद यह विराट के लिए समय है कि वह टी20 टीम की कमान रोहित को संभालने दें। उनका रिकॉर्ड खुद जवाब देता है।’’

नासिर ने रोहित को सीमित ओवरों का महान खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा, ‘‘वह सफेद गेंद के महान खिलाड़ियों में से एक हैं। यदि आप 50 ओवर के क्रिकेट को देखते हैं, तो उन्होंने दोहरे शतक जड़े हैं और बड़े-बड़े स्कोर बनाए हैं। टी-20 में वह थोड़ा लय खो देते हैं, लेकिन उन्होंने आईपीएल के फाइनल में रन बनाए। रोहित उन खिलाड़ियों में से एक हैं, जो फॉर्म भले खो सकते हैं लेकिन बड़े मौकों पर स्कोर बनाते हैं और विपक्षी टीम को हमेशा पछाड़ देते हैं।’’

रोहित की कप्तानी में मुंबई की टीम ने आईपीएल 2020 में कुल 16 में से 11 मुकाबले जीते। उसे पांच मैच में ही हार का सामना करना पड़ा। मुंबई ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया था। दिल्ली का पहली बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया था। खिलाड़ी के तौर पर रोहित का ये छठे खिताब था। वे डेक्कन चार्जर्स के लिए 2009 में टाइटल जीत चुके हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में होने वाली वनडे और टी20 टीम में रोहित को नहीं रखा गया है। उन्हें आराम दिया गया है।