रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भारत में 200 अंतरराष्ट्रीय छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 4 मैच की सीरीज के दूसरे टेस्ट में यह उपलब्धि अपने नाम की। यही नहीं, रोहित शर्मा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC WORLD TEST CHAMPIONSHIP) में भी सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) और मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को पीछे छोड़ा।

रोहित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ((Steve Smith), इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) और पाकिस्तान के बाबर आजम (Babar Azam) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। ये सभी बल्लेबाज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 4-4 शतक लगा चुके हैं। अजिंक्य रहाणे, मयंक अग्रवाल, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान जो रूट (Joe Root), पाकिस्तान के शान मसूद (Shan Masood), ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर (David Warner), न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) 3-3 शतक लगाकर संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) हैं। उन्होंने अब तक 5 शतक लगाए हैं। मार्नल लाबुशेन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 13 मैच की 23 पारियों में 1675 रन बनाए हैं।

रोहित शर्मा भारत में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय छक्के लगाने के मामले में भी पहले नंबर पर हैं। रोहित शर्मा ने अब तक 118 अंतरराष्ट्रीय मैच की 123 पारियों में 200 छक्के लगाए हैं। रोहित 55.70 के औसत से अब तक 5960 अंतरराष्ट्रीय रन बना चुके हैं। इसमें उनके कुल 21 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वह अब तक 16 बार नाबाद रहे हैं।

भारत में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय छक्के लगाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) दूसरे नंबर पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर के दौरान 205 टेस्ट मैच की 208 पारियों में 186 छक्के लगाए थे।