IPL 2020 Records: रोहित शर्मा की अगुआई में मुंबई इंडियंस ने लगातार दूसरी बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब जीता। वह ऐसा करने वाली टूर्नामेंट की दूसरी टीम बनी। इससे पहले 2010 और 2011 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने लगातार दो सीजन आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। आईपीएल 2020 के फाइनल में रोहित शर्मा ने 68 रन की पारी खेली। यदि वह दो रन और बना लेते आईपीएल फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बन जाते। अभी यह रिकॉर्ड डेविड वार्नर के नाम है। डेविड वार्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद की अगुआई करते हुए आईपीएल 2016 के फाइनल में 69 रन की पारी खेली थी।

इस आईपीएल फाइनल में दोनों टीमों (मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स) के कप्तानों रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जमाया। आईपीएल के 13 साल के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब फाइनल में दोनों टीमों के कप्तानों ने अर्धशतक लगाया है। अब तक आईपीएल में सिर्फ 5 बार ही कप्तान फाइनल में अर्धशतक लगा पाए हैं। आईपीएल फाइनल में पहली बार 2013 में किसी कप्तान ने अर्धशतक लगाया था। 2013 में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 63 रन की पारी खेली थी।

इसके बाद 2015 में रोहित शर्मा ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल में 50 रन का स्कोर किया था। इसके अलावा 2017 में स्टीव स्मिथ ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट (Rising Pune Supergiant) की कप्तानी करते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 रन बनाए थे। आईपीएल 2016 और 2017 में चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर बैन लगा था। महेंद्र सिंह धोनी 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट का हिस्सा थे।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यह रोहित शर्मा का 200वां आईपीएल मैच था। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 4000 रन भी पूरे कर लिए। रोहित मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए अब तक 4060 रन बना चुके हैं। यही नहीं उन्होंने बतौर कप्तान आईपीएल में अपने 3000 रन भी पूरे किए। उनके बतौर कप्तान 3015 रन हो गए हैं। यही नहीं इस मैच में उनके प्रतिद्वंद्वी कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी आईपीएल 2020 में अपने 500 रन पूरे किए।