महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर मानना है कि भारत और मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) से ब्रेक लेकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के लिए पूरी तैयारी करनी चाहिए। गावस्कर का मानना है कि टी20 लीग में लंबे समय तक कम स्कोर के बाद रोहित का आत्मविश्वास डगमगा गया है।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ शनिवार को रोहित डक पर पवेलियन लौटे और उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड हो गया। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए। वह लगातार दूसरे मैच में बगैर खाता खोले पवेलियन लौटे। खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित ने चेन्नई के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया। उन्होंने इशान किशन के साथ कैमरन ग्रीन को ओपनिंग के लिए भेजा। वह नंबर तीन पर खेलने आए, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ।
गावस्कर ने रोहित को क्या सलाह दी
गावस्कर ने रोहित को लेकर स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘मैं चाहूंगा कि रोहित फिलहाल ब्रेक लें और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए खुद को फिट रखें। वह आखिरी के कुछ मैचों के लिए वापसी कर सकते है, लेकिन फिलहाल उन्हें खुद को थोड़ा विश्राम देना चाहिए। डब्ल्यूटीसी का फाइनल लंदन के ओवल में सात से 11 जून तक होना है। चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को चेपक में छह विकेट की आसान जीत के साथ मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैदान पर 13 साल के बाद जीत दर्ज की।
चेन्नई के खिलाफ मुंबई की बल्लेबाजी फेल रही
चेन्नई के खिलाफ मुंबई की बल्लेबाजी फेल रही। टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 139 ही बना पाई। नेहल वढेरा ने 51 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 64 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 26 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 20 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। चेन्नई ने 140 रन के टारगेट को 17.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। डेवोन कॉनवे ने 42 गेंद पर 44 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। शिवम दुबे ने 18 गेंद पर नाबाद 26 रन बनाए।