भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा लॉकडाउन में क्रिकेट को बहुत मिस कर रहे हैं। वे इंतजार कर रहे हैं कि कब यह लॉकडाउन कब खत्म हो और वह बाहर निकलकर फिर से क्रिकेट खेल सकें। अगर अभी सबकुछ ठीक रहता तो रोहित आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर आते। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रेट ली से बातचीत की। रोहित ने इस दौरान ली को उनसे ज्यादा भाग्यशाली बताया।

रोहित ने ब्रेट ली से कहा कि आपलोगों के पास घर में क्रिकेट खेलने के पर्याप्त जगह होती है, लेकिन मुंबई में ऐसा नहीं है। रोहित ने कहा, ‘‘काश मेरे पास घर के अंदर क्रिकेट खेलने के लिए पर्याप्त जगह होती। लेकिन दुर्भाग्य से मुंबई में यह जगह बहुत ही एकांत में है और आपको अपने अपार्टमेंट में रहना होगा। हम उन लोगों की तरह भाग्यशाली नहीं हैं, जहां आपके पास खेलने के लिए अपनी जगह है।’’ रोहित पिछली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में चोटिल हो गए थे और टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए थे।

रोहित ने कहा, ‘‘मैं जो कुछ भी थोड़ा बहुत कर सकता हूं, उसे करने की कोशिश कर रहा हूं। उम्मीद है, जल्द ही जिम खुलेंगे और मैं वहां जा सकता हूं। मैं गेंद को हिट करना मिस कर रहा हूं। आप जानते ही हैं कि मैं बड़ा शॉट लगाने में माहिर हूं। मैं ऐसा करना पसंद करता हूं। यहां उसके लिए जगह कम है। मैं अब बाहर जाकर और गेंद को हिट करने का और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकता।’’ रोहित ने 30 अप्रैल को अपना 33वां जन्मदिन मनाया था।


कोरोनावायरस के दुनिया भर में सभी खेलों की प्रतियोगिता को रद्द या स्थगित कर दिया है। अब तक 2 लाख 30 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। भारत में कोरोनावायरस के कारण 24 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था। पहले यह 14 अप्रैल तक था, फिर 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया था। इसके बाद सरकार ने 17 मई तक लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला किया है।