टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा 36 साल के हो गए हैं। एक क्रिकेटर इस उम्र में अपने करियर के आखिरी पड़ाव में माना जाता है। ‘हिटमैन’ भी इस दौर में हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में तीन डबल सेंचुरी, इंटरनेशनल क्रिकेट में 43 शतक और 440 मैच में 17057 रन जैसे कुछ शानदार रिकॉर्ड्स हैं। इसके अलावा वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले खिलाड़ी भी है। वह महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली 2007 टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया के भी हिस्सा रहे हैं। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया जीती तो वह उस टीम के अहम सदस्य थे।

बतौर खिलाड़ी रोहित शर्मा ने काफी कुछ हासिल किया, लेकिन कप्तान के तौर पर उनके सामने 3 चैलेंज हैं, जिसे उन्होंने पार कर लिया तो उनका करियर शिखर पर समाप्त होगा। साल 2021 की शुरुआत में वह तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान बने। हालांकि, टीम का प्रदर्शन एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा नहीं रहा। आईपीएल में रोहित की गिनती सबसे सफल कप्तानों में होती है। उन्होंने मुंबई इंडियंस को 5बार चैंपियन बनाया है। यही सफलता अब उन्हें इंटरनेशनल सर्किट में दोहरानी है।

टीम इंडिया को आईसीसी टूर्नामेंट जीते हुए 10 साल

टीम इंडिया की निगाहें साल 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप पर है, जो भारत में ही खेली जानी है। टीम को आईसीसी टूर्नामेंट जीते हुए 10 साल हो गए हैं। पिछले कुछ सालों में मल्टी नेशन टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2021 में टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। एशिया कप 2022 में टीम सुपर स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया को इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में बुरी तरह से हराया था।

भारत दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचा

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया के पास साल 2023 में तीन मल्टी नेशन ट्रॉफी जीतने का मौका होगा। 7 जून से 11 जून के बीच इंग्लैंड के लंदन स्थित ओवल स्टेडियम में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) होना है। भारत का इस महामुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से सामना होगा। भारत दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचा है और दूसरी बार ही यह मुकाबला होना है। न्यूजीलैंड ने उसे साल 2021 में हारया था। इस बार भारतीय टीम यह मौका नहीं गंवाना चाहेगी।

…तो कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी जैसे कप्तानों के साथ होगी रोहित शर्मा की गिनती

इसके बाद अक्टूबर नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप होना है। इसकी मेजबानी को लेकर भारत और पाकिस्तान में रार छीड़ी हुई है। वनडे फॉर्मेट में टूर्नामेंट खेला जाएगा। साल 2018 में यह ट्रॉफी टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ही अपने नाम की थी। ऐसा वह फिर करना चाहेगी। साल 2011 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया चैंपियन बनी तो रोहित शर्मा उस टीम के हिस्सा नहीं थे। उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप और 2019 वर्ल्ड कप खेला है। टीम इंडिया दोनों ही साल सेमीफाइनल तक पहुंची। भारत में इस साल टूर्नामेंट का आयोजन होना है। ऐसे में रोहित शर्मा टीम को तीसरी बार चैंपियन बनाना चाहेंगे। ऐसा हुआ तो उनके करियर का अंत शिखर पर होगा। उनकी गिनती महान कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी जैसे कप्तानों के साथ होगी।