एशिया कप में टीम इंडिया की तीसरी बार अगुआई करने के लिए रोहित शर्मा तैयार हैं। साल 2018 में टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला गया था तब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत चैंपियन बना था। इसके बाद टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में साल 2022 में खेला गया, जिसमें रोहि शर्मा की अगुआई में भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। 2018 में टीम इंडिया काफी मजबूत थी और पाकिस्तान की टीम संघर्ष कर रही थी। भारत ने उसे 2 बार बुरी तरह हराया था।
साल 2018 में एशिया कप यूएई में खेला गया था। तब नियमित कप्तान विराट कोहली को टूर्नामेंट से आराम दिया गया था। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था। पूरे टूर्नामेंट में टीम अजेय रही थी। हालांकि, अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ चौंकाने वाला प्रदर्शन किया था। दोनों टीमों के बीच सुपर-4 मेंमुकाबला हुआ था। रोहित शर्मा और शिखर धवन को इस मैच में आराम दिया गया था और महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की अगुआई की थी। यह मैच टाई रहा था। भारत के लिए बतौर कप्तान धोनी का यह आखिरी मैच था।
पाकिस्तान को 2 बार बुरी तरह रौंदा
एशिया कप 2018 में भारत ने पाकिस्तान को 2 बार बुरी तरह रौंदा था। ग्रुप मैच में 8 विकेट से हराया तो वहीं सुपर 4 में 9 विकेट से। ग्रुप मैच में पाकिस्तान की टीम 43.1 ओवर में 162 रन पर आउट हो गई थी। भारत ने 29 ओवर में 2 विकेट खोकर 164 रन बना लिए। सुपर 4 में पाकिस्तान ने 7 विकेट पर 237 रन बनाए। भारत ने 39.3 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
एशिया कप 2022 में भारत का प्रदर्शन रहा था खराब
एशिया कप 2022 में भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। टीम सुपर-4 से आगे नहीं बढ़ पाई। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हराकर टीम अजेय रही थी, लेकिन सुपर-4 में पाकिस्तान और श्रीलंका ने हरा दिया था। एशिया कप में रोहित शर्मा की कप्तानी की बात करें तो वनडे फॉर्मेट में 5 में से 5 मैच जीते हैं। टी20 फॉर्मेट में 2 मैच हारे हैं और 3 जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला गया था। इस टूर्नामेंट वनडे वर्ल्ड कप के मद्देनजर वनडे फॉर्मेट में होगा।