भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रॉबिन उथप्पा ने करीब-करीब एक साथ ही अपने करियर की शुरुआत की थी। धोनी ने पहला वनडे 2004 के अंत में तो उथप्पा ने पहला वनडे अप्रैल 2006 में खेला था। दोनों 2007 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में भी साथ थे। अब आईपीएल की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स में भी एक साथ हैं। उथप्पा की पत्नी शीतल गौतम और धोनी की पत्नी साक्षी काफी अच्छी दोस्त हैं। दोनों ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर इसे जाहिर किया।

दरअसल, शीतल ने मंगलवार (11 मई) को इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें सीएसके के कप्तान धोनी, उनके बगल में साक्षी, फिर गोद में अपने बेटे को लिए उथप्पा और उनके बगल में शीतल दिखाई दे रही हैं। शीतल ने फोटो को शेयर करते हुए लिखा- ‘‘साक्षी…आज मैं तुम्हें मिस कर रही हूं। लेकिन उम्मीद है कि हम जल्द ही मिलेंगे। बहुत सारा प्यार।’’ साक्षी ने प्यार भरा कमेंट करते हुए लिखा, ‘‘उम्मीद करती हूं कि हमलोग तुमसे जल्द मिलेंगे।’’ साक्षी आईपीएल 2021 के दौरान धोनी के साथ नहीं थीं। वे अपनी बेटी जीवा के साथ रांची में ही थीं।

रॉबिन उथप्पा ने 3 मार्च 2016 को भारत की पूर्व टेनिस खिलाड़ी शीतल गौतम से शादी रचाई थी। दोनों एक दूसरे को काफी लंबे समय से डेट कर रहे थे। साल 2009 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उथप्पा और शीतल की मुलाकात हुई थी। रॉबिन पहली ही नजर में शीतल को दिल दे बैठे थे। दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे। फिर उथप्पा ने शीतल से अपनी दिल की बात कही। शीतल को भी उथप्पा स्वीकार थे। दोनों का अफेयर लंबे समय तक चला। हालांकि, अलग-अलग धर्म के होने के कारण उनकी शादी में कई रोड़े भी आए। रॉबिन ईसाई जबकि शीतल हिंदू हैं। दोनों के घर वाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे।

उथप्पा शीतल को प्रपोज कर चुके थे। शीतल ने भी हामी भर दी थी, लेकिन दोनों के सामने बड़ा सवाल था अपने परिजनों को मनाने का। आखिरकार उथप्पा किसी तरह अपने परिवार को मनाने में सफल रहे। शीतल के घरवालों ने भी शादी के लिए हां कर दी। इसके बाद दोनों 3 मार्च 2016 में शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने पहले ईसाई धर्म के अनुसार शादी की, शाम को रिसेप्शन रखा गया। एक हफ्ते बाद 11 मार्च को दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। यहां यह जानना जरूरी है कि ईसाई धर्म के अनुसार शादी की पूरी जिम्मेदारी शीतल ने ही संभाली थी।