लीड्स में तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का पहला टेस्ट अभी तक पूरी तरह से भारत के नाम रहा है। ऋषभ पंत ने दूसरे दिन शनिवार (21 जून) को शतक ठोककर भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। पंत ने इंग्लैंड में तीसरा शतक जड़ा और दिग्गज सुनील गावस्कर और विराट कोहली समेत 6 बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। सौरव गांगुली की बराबरी कर ली।

IND vs ENG 1st Test Day 2 LIVE Score: Watch Here

ऋषभ पंत के अलावा सौरव गांगुली के भी इंग्लैंड में 3 शतक हैं। सुनील गावस्कर, विराट कोहली, विजय मर्चेंट, अजहरुद्दीन, केएल राहुल और रवि शास्त्री के 2-2 शतक हैं। भारत के लिए इंग्लैंड सबसे ज्यादा शतक राहुल द्रविड़ के नाम है। उन्होंने 6 शतक जड़े हैं। सचिन तेंदुलकर और दिलीप वेंगसरकर के नाम 4-4 शतक हैं।

इंग्लैंड में टेस्ट करियर की शुरुआत

ऋषभ पंत ने टेस्ट करियर की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ की थी। पहले ही दौरे पर उन्होंने ओवल में 114 रन की पारी खेलकर टेस्ट क्रिकेट में अपने सुनहरे भविष्य के संकेत दे दिए थे। इसके बाद 2022 में बर्मिंघम में 146 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में उन्होंने 57 रन बनाए थे। इंग्लैंड में उन्होंने 2 अर्धशतक भी जड़े हैं।

पंत ने छक्के से शतक पूरा किया

ऋषभ पंत ने 148 गेंद पर छक्के से शतक पूरा किया। उन्होंने शोएब बशीर को छक्का जड़ा। इसके बाद उन्होंने अपने ट्रेड मार्क समरसॉल्ट सेलिब्रेशन किया। पंत का टेस्ट क्रिकेट में यह 7वां शतक है। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए। महेंद्र सिंह धोनी के 6 शतक थे।