एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट के चौथे दिन सोमवार (23 जून) को भारत के उपकप्तान ऋषभ पंत ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह 93 साल के इतिहास में इंग्लैंड में टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट 1932 में खेला गया था।

IND vs ENG 1st Test Day LIVE Score: Watch Here

ऋषभ पंत टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने 7वें भारतीय बने। लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने सबसे ज्यादा 3 और राहुल द्रविड़ ने 2 बार ऐसा किया है। दिग्गज विजय हजारे ने सबसे पहले यह कारनामा किया था। विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा भी यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।

दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले भारतीय

विजय हजारे ने 1948 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ा था। सुनील गावस्कर ने 1971 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज, 1978 में कराची में पाकिस्तान और ईडन गार्डन में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ा था। राहुल द्रविड़ ने 1999 में हेमिल्टन में न्यूजीलैंड और ईडन गार्डन में 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ यह कारनामा किया था।

कोहली, रहाणे और रोहित भी लिस्ट में

विराट कोहली ने 2014 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ा था। अजिंक्य रहाणे ने 2015 में दिल्ली में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ा था। रोहित शर्मा ने विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में दोनों पारियों में शतक जड़ा था।

इंग्लैंड में चौथा टेस्ट शतक

ऋषभ पंत ने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 134 रन की पारी खेली थी। उन्होंने दूसरी पारी में भी शतक जड़ा। इंग्लैंड में यह उनका चौथा टेस्ट शतक है। इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट मैच में 5 शतक लग गए हैं। पहली पारी में पंत के अलावा यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शतक जड़ा था। दूसरी पारी में राहुल ने भी शतक जड़ा।