गुरुवार यानी 21 अप्रैल 2022 की रात एमएस धोनी ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की 3 विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाया। रोमांचक जीत के बाद कप्तान रविंद्र जडेजा एमएस धोनी को नमन करते दिखे। मैच के बाद अंबाती रायुडू ने भी धोनी का शुक्रिया अदा किया।
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब हुई। रोहित शर्मा खाता नहीं खोल पाए। मुंबई ने 13.3 ओवर में 85 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तिलक वर्मा के नाबाद 51 रन और ऋतिक शौकिन के 25 गेंद में 25 रन की पारी की बदौलत मुबंई इडियंस 150 के पार पहुंचने में सफल रही।
उसने 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 19.1 ओवर में 7 विकेट पर 139 रन था। उसे आखिरी 5 गेंदों में जीत के लिए 17 रन बनाने थे। महेंद्र सिंह धोनी और ड्वेन ब्रावो क्रीज पर थे।
इसके बाद धोनी ने ‘फिनिशर’ की भूमिका अच्छे से निभाई। धोनी ने जयदेव उनादकट की तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। वह शांतचित बने रहे और आखिरी गेंद पर उन्होंने शॉर्ट फाइन लेग पर विजयी चौका लगाया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक 7 मैच में से केवल दो में जीत दर्ज की हैं। जडेजा ने मैच के बाद कहा, ‘यह बहुत अच्छा है कि वह अब भी (न और जीत के लिये) भूखे हैं। उनकी लय अब भी बनी हुई है। इसे देखकर हम शांतचित रहते हैं, क्योंकि हम जानते हैं कि यदि वह आखिरी ओवर तक क्रीज पर हैं तो वह हमारे लिए जीतेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘हम तनाव में थे लेकिन हमें विश्वास था कि वह (धोनी) क्रीज पर मौजूद हैं। वह मैच का सफल अंत करेंगे। उन्होंने भारत के लिए और आईपीएल में कई मैच जिताए हैं। हम जानते थे कि वह मैच का सफल अंत करेंगे। उन्होंने (धोनी) दुनिया को दिखाया कि वह अब भी यहां हैं और खेल खत्म कर सकते हैं।’
जडेजा ने कहा, ‘देखिये जिस तरह से मैच आगे बढ़ रहा था हम दबाव में थे। दोनों टीम पर दबाव था, क्योंकि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ फिनिशर क्रीज पर था। लेकिन हम जानते थे कि यदि वह (धोनी) आखिरी गेंद तक टिके रहते हैं तो हम मैच जीत जाएंगे। हमें विश्वास था कि वह आखिरी दो तीन गेंदों पर नहीं चूकेंगे और सौभाग्य से ऐसा हुआ।’
जडेजा ने तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की भी प्रशंसा की। मुकेश ने मुंबई के शीर्ष क्रम को लड़खड़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘जब वह (चौधरी) हमारे साथ नेट गेंदबाज था तब हमने देखा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं और गेंद को स्विंग करा रहा है। नई गेंद को स्विंग कराने का उसका कौशल अच्छा है और इसलिए हमने उसको टीम में बनाए रखा। हमें उस पर विश्वास था कि वह विकेट लेगा। उसने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट लिए।’
जडेजा ने अंबाती रायुडू और ड्वेन ब्रावो के बारे में कहा, ‘हमारे पास काफी अनुभव है, इसलिए उन्हें (रायुडू और ब्रावो) पता है कि कब और क्या प्रदर्शन करना है। इसलिए यदि हम खेल नहीं जीत रहे हैं, तब भी हम शांत और आराम से दिखते हैं। मैं क्षेत्ररक्षण को हल्के में नहीं लेता। फिर भी उस पर काम करता हूं। हमें अपनी फील्डिंग पर कुछ काम करने और कैच लेने की जरूरत है, क्योंकि हम हर गेम में कैच छोड़ते नहीं रह सकते हैं।