भारत ने स्कॉटलैंड को 8 विकेट से हराकर ग्रुप-2 में सबसे अच्छा नेट रन रेट हासिल कर लिया है। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए स्कॉटलैंड को महज 85 रनों पर ढेर कर दिया था। रवींद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
भारत ने 6.3 ओवर में 86 रन चेज करके अपना नेट रन रेट ग्रुप-2 में सबसे अच्छा कर लिया है। अब भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए नामीबिया को तो अच्छे अंतर से हराना होगा और साथ ही न्यूजीलैंड अफगानिस्तान से हार जाए इसकी दुआ करनी होगी।
इस मुकाबले के बाद रवींद्र जडेजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व किया और मीडिया के सवालों का मजेदार जवाब दिया। इसी बीच एक सवाल ये आया कि अगर अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाएगा तो क्या होगा?
इस सवाल का मजेदार जवाब देते हुए रवींद्र जडेजा ने कहा कि,’तो फिर बैग पैक करके घर जाएंगे और क्या।’ भारतीय ऑलराउंडर के इस जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होने लगा और लोग अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे।
भारत के ग्रुप का क्या है हाल?
भारत के ग्रुप से यानी ग्रुप-2 से पाकिस्तान अपने अभी तक सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। दूसरे स्पॉट के लिए न्यूजीलैंड, भारत और अफगानिस्तान के बीच घमासान जारी है।
न्यूजीलैंड 4 में से 3 मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +1.277 है। वहीं भारत 4 में से 2 मुकाबले जीतकर चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत का नेट रन रेट अब ग्रुप में सबसे अच्छा +1.619 हो गया है।
अफगानिस्तान भी 4 में से दो मुकाबले जीतकर चार अंक हासिल कर चुकी है और +1.481 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर है। स्कॉटलैंड और नामीबिया सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी हैं।