Danushka Gunathilaka Almost Choked Woman During An Alleged Rape Attempt: श्रीलंका के क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलका ने दुष्कर्म के कथित प्रयास के दौरान महिला को गला दबाकर लगभग मार ही दिया था। मीडिया की खबरों में पुलिस दस्तावेजों के हवाले से ऐसा दावा किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गुणातिलका ने उसके साथ डेट पर जाने के दौरान दो नवंबर को सिडनी के रोज बे में उसके घर पर 4 बार उसका यौन उत्पीड़न किया।

गुणातिलका मौजूदा टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली श्रीलंका की टीम का हिस्सा थे। सिडनी पुलिस ने बाद में 31 साल के गुणातिलका को टीम होटल से गिरफ्तार किया, जबकि श्रीलंका की टीम के अन्य सदस्य टीम के सुपर 12 चरण से बाहर होने के बाद स्वदेश लौट गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को सोमवार को जमानत नहीं मिली और उन्हें अधिकतम 14 साल जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 जनवरी को होगी।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि यौन उत्पीड़न के दौरान गुणातिलका ने तीन बार उनका गला दबाने का प्रयास किया। ऑस्ट्रेलिया की मीडिया ने पुलिस दस्तावेजों के हवाले से कहा, ‘शिकायतकर्ता ने आरोपी की कलाई पकड़कर उसका हाथ हटाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने गले को और जोर से दबाया। शिकायतकर्ता को अपनी जान जाने का डर था और वह आरोपी की पकड़ से नहीं छूट पा रही थी। वह लगातार आरोपी की पकड़ से दूर होने का प्रयास कर रही थी, जो स्पष्ट संकेत है कि जो हो रहा था वह उसकी मर्जी से नहीं हो रहा था।’

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुणातिलका को खेल के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया है। इस घटना से शर्मसार श्रीलंका सरकार ने एसएसली को इस मामले की तुरंत जांच कराने को कहा है।

दानुष्का गुणातिलका नामीबिया के खिलाफ श्रीलंका के पहले दौर के मैच में खेले थे और खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे। वह बाद में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे लेकिन टीम के सुपर 12 चरण में जगह बनाने के बाद वह टीम के साथ जुड़े रहे। दानुष्का गुणातिलका ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

दानुष्का गुणातिलका और विवाद: चोली-दामन का साथ

  • इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण (बॉयो-बबल) का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था।
  • श्रीलंका बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर दानुष्का को छह महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
  • साल 2018 में ही गुणातिलका को एक और निलंबन झेलना पड़ा था, क्योंकि उनके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था।
  • श्रीलंका बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणातिलका को सीमित ओवरों के 6 मुकाबलों के निलंबित कर दिया था।