Sri Lanka Cricketer Danushka Gunathilaka Rape Case: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की कार्यकारी समिति ने राष्ट्रीय खिलाड़ी दानुष्का गुणातिलका को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है। बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ऑस्ट्रेलिया में एक महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किए और आरोपित किए जाने के बाद किसी भी चयन के लिए दानुष्का गुणातिलका के नाम पर विचार नहीं किया जाएगा।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इसके अलावा कथित अपराध की तुरंत जांच करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। बोर्ड के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में उपरोक्त मामले में अदालत का फैसला आने पर, दोषी पाए जाने पर उक्त खिलाड़ी को दंडित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जोर देते हुए कहा कि वह किसी भी खिलाड़ी के ऐसे किसी भी आचरण के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाता है। घटना की निष्पक्ष जांच करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई कानून प्रवर्तन अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। दानुष्का गुणातिलका पर एक ऑस्ट्रेलियाई महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया गया है। श्रीलंकाई क्रिकेटर और महिला की मुलाकात कथित तौर पर डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी।
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, 31 साल के दानुष्का गुणातिलका को रविवार 6 नवंबर 2022 को पररामट्टा बेल कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने दानुष्का गुणातिलका को जमानत देने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यू साउथ वेल्स पुलिस की ओर से दानुष्का गुणातिलका पर दुष्कर्म के चार मामलों का आरोप लगाया गया है।
पुलिस का दावा है कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ने पिछले हफ्ते रोज बे के एक घर में मुलाकात के दौरान महिला का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने रविवार सुबह एक बजे सिडनी के ससेक्स स्ट्रीट में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के होटल से दानुष्का गुणातिलका को गिरफ्तार किया।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया में गई थी। दानुष्का गुणातिलका भी टीम का हिस्सा थे। हालांकि, गुणातिलका 3 हफ्ते सप्ताह पहले ही चोटिल हो गए थे। टीम मैनेजमेंट ने दानुष्का की जगह आशेन बंडारा को शामिल किया था। हालांकि, टीम प्रबंधन ने दानुष्का को श्रीलंका भेजने के बजाय टीम के साथ ही रखा था।