Ranveer Singh Diet Plan & Workout Routine for 83 Movie: 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप की थीम पर बनी फिल्म 83 को दर्शकों का खासा प्यार मिला है। क्रिटिक्स ने रणवीर सिंह समेत पूरी स्टारकॉस्ट के अभिनय की सराहना की है। टीम इंडिया को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कपिल देव ने खुद स्वीकार किया है कि रणवीर ने उनके किरदार को जी दिया है। रणवीर ने भी कपिल देव के किरदार में पूरी तरह से फिट बैठने के लिए खासकर अपने शरीर को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
जिम में घंटों पसीना बहाने और ट्रेनिंग के अलावा रणवीर ने 1983 वर्ल्ड कप के दौरान कपिल देव जैसी बॉडी पाने के लिए स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो की थी। रणवीर के कपिल देव जैसी बॉडी बनाने में उनके नूट्रिशनिस्ट अनमोल सिंघल के अलावा लंदन के 4 शेफ का भी खास हाथ रहा। अनमोल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, ‘रणवीर की डाइट पर लंदन के 4 शेफ भी नजर रखते थे। वे यह देखते थे कि अभिनेता क्या खाते हैं।’
अनमोल ने कहा था, ‘तीन बिग मील के बजाय, रणवीर के भोजन को कई छोटे-छोटे मील में बांटा गया था। जो उन्होंने नियमित अंतराल पर दिया जाता था। वह हेल्दी नाश्ता करते थे। उनके शाम के नाश्ते में आमतौर पर नट्स और फल शामिल होते थे। उन्होंने अपने डिनर में कार्ब्स (ऐसी चीजें जो फैट बढ़ाती हैं) बहुत कम रखे।’
रणवीर को भारतीय भोजन बहुत ज्यादा पसंद है। हालांकि, इस डाइट का यह मतलब नहीं था उन्होंने भारतीय खाना छोड़ दिया था। उनके आहार में हर चीज का मिश्रण होता था। अनमोल के मुताबिक, ‘रणवीर को भारतीय व्यंजन पसंद हैं। इसलिए, हमने प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए उनके भोजन में अधिक से अधिक विविधता लाने की कोशिश की। रणवीर को प्रोटीन से भरपूर आहार पर रखा गया।’
अनमोल ने बताया था कि जहां रणवीर घर के बने व्यंजनों को पसंद करते हैं, वहीं वह अपनी डाइट में उच्च प्रोटीन युक्त सुपरफूड का एक हिस्सा भी शामिल करते हैं। उनके पसंदीदा भोजन में अंडे, बेकन और जैलपीनो भी शामिल थे।
अनमोल ने बताया, ‘रणवीर सिंह की डाइट में जैलपीनो और कुरकुरा बेकन आमलेट जिसमें जिसमें रोल्ड ओट्स, अंडे, मिश्रित मेवे और फ्रेश बेरीज सबसे ऊपर है। कॉम्प्लेक्स कार्ब्स उनकी ऊर्जा बढ़ाते हैं, जबकि प्रोटीन उस फैट को घटाने और मांसपेशियों को बढ़ाने में मदद करते हैं।’
इससे कोई इंकार नहीं कर सकता कि रणवीर सिंह को मीठा भी बहुत पसंद है। शायद यही वजह थी कि नूट्रिशनिस्ट ने रणवीर के लिए चॉकलेट स्प्रेड का एक हेल्दी वैरिएंट तैयार किया था। इसे 90 प्रतिशत डार्क चॉकलेट चिप्स से तैयार किया गया था।