भारतीय टीम से लंबे से बाहर पृथ्वी शॉ ने मंगलवार (7 अक्टूबर) को महाराष्ट्र और मुंबई के बीच अभ्यास मैच में शतक के साथ रणजी ट्रॉफी की अपनी तैयारी शुरू की। शॉ पहले मुंबई से ही घरेलू क्रिकेट खेलते थे। वर्तमान घरेलू सीजन की शुरुआत से पहले उन्होंने महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया।

पिछले सीजन में मुंबई की टीम से बाहर किए जाने के बाद शॉ ने यह फैसला किया था। उन्होंने अगस्त में बुची बाबू टूर्नामेंट में महाराष्ट्र के लिए अपने कार्यकाल की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। उन्होंने अपने पहले ही मैच में शतक जड़ा था। अब पहली बार मुंबई के खिलाफ खेलते हुए शॉ ने शानदार प्रदर्शन किया है।

अर्शिन कुलकर्णी ने भी जड़ा शतक

ऑलराउंडर अर्शिन कुलकर्णी के साथ बल्लेबाजी की शुरुआत करते हुए पृथ्वी शॉ ने सिर्फ 140 गेंदों पर शतक बनाया। उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर फाइन लेग पर शॉट लगाकर शतक पूरा किया। कुलकर्णी ने शतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 95 गेंदों में शतक पूरा किया। उस समय शॉ 76 रन पर खेल रहे थे। कुलकर्णी अंततः दोहरे शतक के करीब आउट हुए। उन्होंने 139 गेंदों पर 186 रन बनाए। दोनों के बीच 305 रनों की ओपनिंग साझेदारी हुई।

पुणे में अभ्यास मैच

रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन की शुरुआत से पहले मुंबई और महाराष्ट्र के बीच 7-9 अक्टूबर तक पुणे के एमसीए स्टेडियम में तीन दिवसीय अभ्यास मैच निर्धारित है। महाराष्ट्र की कप्तानी अंकित बावने के हाथों में है जबकि मुंबई की कमान शार्दुल ठाकुर संभाल रहे हैं। इस मैच में दोनों टीमों के कई बड़े खिलाड़ी खेल रहे हैं। मुंबई के लिए एशिया कप की चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा रहे शिवम दुबे भी खेल रहे हैं। महाराष्ट्र के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और जलज सक्सेना भी खेल रहे हैं।